टीएन शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन के सभागार में पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अन्तर्गत जनपद में आईईसी गतिविधियों के संचालन के लिए इम्पैनल्ड/सूचीबद्ध आईईसी एक्सपर्ट एजेंसियों, संस्थानों में से निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से चयन प्रक्रिया के द्वारा एजेंसी/संस्था के चयन हेतु डीसी मनरेगा की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किए जाने के लिए कहा गया है। बैठक में उन्होंने जल जीवन मिशन से सम्बंधित अधिकारियों से जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्य प्रगति में सुधार लाने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि यदि किसी गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाइन का कार्य प्रारम्भ किया जाये, तो उसे एक छोर से दूसरे छोर तक सिक्वेंस में पूरा करें, बीच में कार्य अधूरा नहीं रहना चाहिए। कार्य को एक क्रम में करें एवं साथ ही साथ खोदी गयी सड़क को भी बनाने का कार्य चलता रहे। उन्होंने पाइप लाइन डालने के लिए खोदी गयी सड़क का पुर्ननिर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ करने एवं उखाड़े गये इण्टरलाकिंग व खड़ंजे को उसी स्थिति में किए जाने के लिए निर्देशित किया है।
इस अवसर पर अधिशाषी अधिकारी प्रवीण कुट्टी, डीसी ए0के0 श्रीवास्तव, अधिशाषी अभियंता सैय्यद मोहम्मद, अधिशाषी अभियंता विद्युत एस0बी0 ठाकुर, सहायक अभियंता अजीत कुमार मौर्य, अपर जिला कृषि अधिकारी विकास मिश्रा सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।










