मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा के साथ विक्की शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। रामपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, प्रशासनिक बोलेरो और ट्रक की टक्कर में ड्राइवर की मौत। थाना क्षेत्र के अंतर्गत पहाड़ी गेट के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रशासनिक वाहन बोलेरो और बुस्की ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में बोलेरो चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद रामपुर–नैनीताल मार्ग पर लंबा जाम लग गया। बताया जा रहा है कि मृतक प्रशासनिक अधिकारी एसडीएम की गाड़ी पर ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। मृतक का नाम फ़्रासा बताया जा रहा है। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक वाहन में दब गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर चालक को बाहर निकाला गया। गंभीर अवस्था में उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के कारण मार्ग पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारु कराया। घटना की जानकारी मिलते ही रामपुर एसपी विद्यासागर मिश्र भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है। इस दर्दनाक हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसको लेकर पुलिस जांच कर रही है।










