कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सचिव बालकृष्ण पांडेय के मार्गदर्शन में, पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप सिंह द्वारा किया गया
प्रयागराज। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर वेटरन्स इंडिया प्रयागराज द्वारा 26 जुलाई शनिवार को शहीद स्तंभ पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सचिव बालकृष्ण पांडेय के मार्गदर्शन में पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप कुमार सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन व पुष्पांजलि अर्पित कर की गई, जिसमें संगठन के सदस्यों के साथ-साथ नारी शक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर राष्ट्र के वीर शहीदों को नमन किया और उनकी अमर गाथा को स्मरण किया।
पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप सिंह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस हमें सिखाता है कि देश की रक्षा सबसे बड़ा धर्म है. हमें अपने सैनिकों के त्याग और बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए।हमें उनके संघर्ष से प्रेरणा लेनी चाहिए और अपने देश के लिए हमेशा कुछ अच्छा करने का संकल्प लेना चाहिए। अंत में, वातावरण “भारत माता की जय”, “अमर रहें हमारे जवान” जैसे गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो उठा।
गौरतलब हो कि कारगिल विजय दिवस स्वतंत्र भारत के सभी देशवासियों के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण दिवस है। भारत में प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को यह दिवस मनाया जाता है। इस दिन भारत और पाकिस्तान की सेनाओं के बीच वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध हुआ था जो लगभग 60 दिनों तक चला और 26 जुलाई के दिन उसका अंत हुआ और इसमें भारत विजय हुआ। कारगिल विजय दिवस युद्ध में शहीद हुए भारतीय जवानों के सम्मान हेतु यह दिवस मनाया जाता है।










