मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा के साथ अलीशा की रिपोर्ट
मुरादाबाद। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत मेधावी छात्रों ने किया पराग डेयरी का भ्रमण। बेसिक शिक्षा विभाग मूंढापांडे, जनपद मुरादाबाद द्वारा राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय एक्सपोजर विजिट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत ब्लॉक के 100 मेधावी विद्यार्थियों का एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण खंड शिक्षा अधिकारी राजेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में पराग दुग्ध डेयरी में कराया गया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को पराग डेयरी में दूध से दही, घी एवं मावा तैयार करने की प्रक्रिया तथा उनकी पैकिंग एवं विपणन की विस्तृत जानकारी दी गई। यह जानकारी पराग डेयरी के प्रतिनिधि रविंद्र चौधरी द्वारा सरल एवं रोचक ढंग से विद्यार्थियों को प्रदान की गई, जिससे बच्चों ने औद्योगिक प्रक्रियाओं को नजदीक से समझा। एक्सपोजर विजिट के लिए विद्यार्थियों की बस को खंड शिक्षा अधिकारी राजेश चतुर्वेदी एवं उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षा संघ के ब्लॉक अध्यक्ष संजय सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को भोजन के पैकेट एवं स्टेशनरी किट भी प्रदान की गई, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
भ्रमण कार्यक्रम में एआरपी सपना सक्सेना, सुमित कुमार सिंह, चंद्रशेखर चौहान, अंजलि सैनी, अंजलि गुप्ता, मेघा अग्रवाल, शिवचरण, सतेंद्र, लवकुश, विनोद, लता, चमन, प्रदीप, भावना सक्सेना, बुलबुल, गीता, स्वाति गोयल सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं और कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।










