अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। रामपुर में पशु खाल से भरे ट्रक को लेकर हंगामा, राष्ट्रीय राजमार्ग जाम। जनपद रामपुर में उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई जब हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पशुओं की खाल से भरे एक ट्रक को रोक लिया। कार्यकर्ताओं ने ट्रक को संदिग्ध बताते हुए जमकर हंगामा किया और राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर रामपुर के अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्वयं घटना स्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। एएसपी अनुराग सिंह ने हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं से बातचीत की, उनकी आशंकाएं सुनीं और उन्हें शांत कराया।
अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह ने मौके पर मौजूद लोगों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि ट्रक में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है।
पुलिस अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद हिंदू दल के कार्यकर्ताओं ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात व्यवस्था धीरे-धीरे सुचारू हो सकी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अफवाह या अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।










