2 साल तक सिविल लाइंस पहुंचना होगा मुश्किल, लाखों लोगों की बढ़ी परेशानी
त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। आज से बंद हो गया पानी टंकी रेलवे ओवरब्रिज। जनपद के लाखों शहरवासियों के लिए अहम सूचना है। उत्तर मध्य रेलवे ने जीटी रोड स्थित खुसरोबाग-लूकरगंज मार्ग पर बने पानी टंकी रेलवे ओवरब्रिज (ROB) को पुनर्निर्माण के लिए पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया था। यह प्रतिबंध आज 10 अप्रैल 2026 से लागू हो गया, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था पर व्यापक असर पड़ने की संभावना है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार हावड़ा-दिल्ली रेल मार्ग पर स्थित यह पुल काफी पुराना और क्षतिग्रस्त हो चुका है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसे तोड़कर नया आधुनिक पुल बनाया जाएगा। पुराने ढांचे को अप्रैल में हटाने की प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि नए पुल का निर्माण मई 2026 से शुरू होकर मई 2028 तक पूरा होने की उम्मीद लगाई जा रही है।
पहले से ही था एक लेन बंद
पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद पहले ही भारी वाहनों के लिए पास में नया पुल तैयार किया गया था। महाकुंभ के दौरान इस पुल की एक लेन गार्डर लगाकर बंद कर दी गई थी, जहां केवल दोपहिया और पैदल आवागमन की अनुमति थी। अब पूरी तरह बंद होने के बाद अन्य मार्गों पर यातायात दबाव बढ़ेगा।
कई प्रमुख संस्थानों तक की पहुंच होगी प्रभावित
यह पुल पुराने शहर को सिविल लाइंस, कानपुर रोड और संगम क्षेत्र से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इसके बंद होने से इलाहाबाद हाईकोर्ट, कचहरी, DRM कार्यालय, एजी “AG” ऑफिस, माध्यमिक शिक्षा परिषद और गवर्नमेंट प्रेस जैसे प्रमुख संस्थानों तक पहुंचने वाले लाखों कर्मचारियों, छात्रों और आम नागरिकों को अगले दो वर्षों तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
वैकल्पिक मार्ग
रेलवे प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। कानपुर रोड जाने के लिए लूकरगंज से चौफटका ओवरब्रिज का रास्ता अपनाया जा सकता है। सिविल लाइंस के लिए जॉनसेनगंज चौराहा होते हुए निरंजन डॉट पुल का मार्ग बेहतर रहेगा। वहीं संगम और मेडिकल चौराहा की ओर जाने के लिए रामबाग ओवरब्रिज का इस्तेमाल किया जा सकता है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात पुलिस द्वारा निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें, ताकि जाम की स्थिति से बचा जा सके।










