मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी, नगर आयुक्त एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न स्थानों पर नालों की सिल्ट सफाई, चौड़ीकरण एवं चोक पॉइंट्स को दुरुस्त करने के कार्यों का निरीक्षण किया।

मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी, नगर आयुक्त एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न स्थानों पर नालों की सिल्ट सफाई, चौड़ीकरण एवं चोक पॉइंट्स को दुरुस्त करने के कार्यों का निरीक्षण किया।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट

प्रयागराज। मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी, नगर आयुक्त एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न स्थानों पर नालों की सिल्ट सफाई, चौड़ीकरण एवं चोक पॉइंट्स को दुरुस्त करने के कार्यों का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ शहर में जलभराव की स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर नगर निगम एवं संबंधित विभागों द्वारा कराए जा रहे नालों की सिल्ट सफाई, चौड़ीकरण एवं चोक पॉइंट्स को दुरुस्त करने के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की प्रगति एवं जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य तात्कालिक समाधान तक सीमित न रहें, बल्कि स्थायी एवं प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की दिशा में किए जाएं।

सर्वप्रथम बालसन चौराहे पहुंचकर उन्होंने दोनों ओर स्थित नालों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। पूर्व सांसद श्री श्यामाचरण गुप्ता के आवास के नीचे से गुजर रहे नाले में तत्काल सिल्ट सफाई कराने तथा ड्रेनेज सिस्टम में किसी भी स्थिति में सीवर का पानी न मिलने देने के निर्देश दिए। साथ ही, खुले नालों एवं ऐसे स्थानों, जहां लोगों के गिरने की आशंका हो, वहां जाल लगाकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने जवाहर लाल नेहरू रोड पर पार्वती हॉस्पिटल की ओर बने ड्रेन, जो संगम पेट्रोल पंप के सामने तक जाता है, की सफाई कार्यों का भी निरीक्षण किया। कई स्थानों पर सफाई संतोषजनक न मिलने तथा सिल्ट सफाई की गति धीमी पाए जाने पर बकेट मशीन के माध्यम से सफाई कराने और कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अपेक्षित प्रगति न मिलने पर नाराजगी जताते हुए मुख्य अभियंता, नगर निगम का वेतन रोकने के भी निर्देश दिए।

इसी ड्रेन पर कई स्थानों पर कवरिंग खोलकर सिल्ट की सफाई कराने तथा जहां आवश्यक हो, वहां कंक्रीट कवरिंग के स्थान पर जाल लगाने को कहा गया, ताकि भविष्य में मशीनों से ड्रेन की सफाई सुगमता से हो सके। साथ ही, ड्रेन के ऊपर उगे पेड़-पौधों की छंटाई कराने तथा संगम पेट्रोल पंप के सामने आवश्यक स्थानों पर रोड कटिंग कर ड्रेन को नीचे स्थित नाले से जोड़ने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए, जिससे जल निकासी निर्बाध बनी रहे।

बाइपास नाले के निरीक्षण के दौरान भूमिगत ड्रेन के कई स्थानों पर चोक पॉइंट पाए गए। कुछ स्थानों पर जमीन की खुदाई के बावजूद सेक्शन मशीन से सफाई संभव नहीं हो पा रही थी। इस पर पूरे ड्रेन का मैप तैयार कर चोक पॉइंट्स की पहचान करने तथा आवश्यक स्थानों पर सड़क की खुदाई के माध्यम से सफाई के लिए स्थायी पहुंच विकसित करने की व्यवस्था करने को कहा गया।

सीवाई चिंतामणि रोड स्थित जॉर्जटाउन थाने वाले चौराहे पर दोनों ओर के ड्रेनेज सिस्टम का निरीक्षण किया गया। आवश्यक स्थानों पर कवरिंग खोलकर चोक पॉइंट्स एवं सिल्ट की सफाई कराने तथा पूरे क्षेत्र के ड्रेनेज सिस्टम की समग्र प्लानिंग के अनुसार आवश्यक सुधार करने पर जोर दिया गया, ताकि जल निकासी सुचारु बनी रहे। मेडिकल कॉलेज चौराहे पर भी जलभराव वाले स्थानों का जायजा लेते हुए आवश्यकतानुसार रोड कटिंग कर जल निकासी की समुचित एवं स्थायी व्यवस्था विकसित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त के साथ सिविल लाइंस स्थित एमजी रोड का भी निरीक्षण किया गया। सुभाष चौराहे से कॉफी हाउस तक दोनों ओर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा सड़क के दोनों ओर बने ड्रेनेज सिस्टम की आवश्यक स्थानों पर कवरिंग खोलकर चोक पॉइंट्स एवं सिल्ट की सफाई कराने को कहा गया। मुख्य मार्ग के कैरिजवे पर वाहनों की पार्किंग से उत्पन्न यातायात जाम की समस्या के समाधान के लिए ट्रैफिक पुलिस को सड़क पर पार्किंग रोकने के निर्देश दिए गए।

एमजी रोड को जीरो टॉलरेंस रोड के रूप में विकसित करते हुए मॉडल रोड बनाने पर भी चर्चा की गई। इसके तहत अवैध पार्किंग एवं अनधिकृत वेंडिंग जोन को हटाकर सड़क को व्यवस्थित एवं अतिक्रमणमुक्त करने, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने तथा सड़क एवं आसपास के क्षेत्र का व्यापक सौंदर्यीकरण कराने की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया। इसका उद्देश्य एमजी रोड को शहर की एक व्यवस्थित एवं आदर्श मॉडल रोड के रूप में विकसित करना है।

AT Samachar
Author: AT Samachar

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai