राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ATS रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश

राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत आंगन मिलन सेवा के तहत बांणगंगा परियोजना के आंगनवाड़ी केंद्र सूरज नगर में संवाद, सहभागिता एवं जनजागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों को सही पोषण, स्वास्थ्य तथा कुपोषण से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा।महिला एवं बाल विकास विभाग एवं मुस्कान संस्था के संयुक्त प्रयास से आयोजित कार्यक्रम में पोषण मटका और विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों के माध्यम से संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व को सरल तरीके से समझाया गया। उपस्थित महिलाओं एवं परिवारों को दैनिक आहार में स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने तथा बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत आंगन मिलन सेवा के परिचय के साथ हुई। इसके बाद सामूहिक रूप से “आंचल के तुझे मैं लेके चलूं, एक ऐसे गगन के तले” गीत प्रस्तुत किया गया, जिससे कार्यक्रम में उत्साह और अपनत्व का वातावरण बना।कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए और बताया कि इन योजनाओं से उन्हें किस प्रकार लाभ मिला। उनके अनुभवों से अन्य महिलाओं को भी शासकीय योजनाओं एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी लेने के लिए प्रोत्साहन मिला।इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को पोषण एवं कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई। प्रतिभागियों ने बच्चों, किशोरों एवं महिलाओं को कुपोषण से मुक्त, स्वस्थ एवं मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने तथा राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान हर घर तक सही पोषण का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र की दोनों आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के योगदान का सम्मान किया गया। उन्हें श्रीफल एवं शॉल भेंट कर समुदाय में पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाने के लिए उनके निरंतर प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों को फलों का वितरण कर किया गया। पूरे आयोजन में महिलाओं, किशोरियों, माताओं एवं बच्चों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम के माध्यम से समुदाय में पोषण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी बढ़ाने के साथ सामूहिक जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना को भी मजबूत किया गया। सही पोषण, स्वस्थ परिवार और मजबूत समाज—इसी संकल्प के साथ कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai