सरौली निवासिनी नेहा यादव पुत्री स्व रमोद यादव आत्महत्या की नियत से गंगा में छलांग लगा
धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चहनियां, चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के पुलिस चौकी मारूफपुर अंतर्गत तीरगाँवा सैदपुर पुल से मंगलवार को करीब 11:00 बजे सरौली निवासिनी नेहा यादव पुत्री स्व रमोद यादव आत्महत्या की नियत से गंगा में छलांग लगा दी। युवती को छलांग लगाते देख मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जुट गयी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची बलुआ पुलिस खोजबीन में जुट गयी।
सरौली निवासिनी नेहा यादव मारूफपुर स्थित जटाधारी इंटर कॉलेज में 11वीं की छात्रा है। उसके पिता की करीब तीन वर्ष पूर्व तो माता की करीब एक वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। मंगलवार को अपने चाचा प्रमोद यादव की पुत्री से मोबाइल देखने को लेकर हुयी बातचीत से आहत होकर नेहा घर से साइकिल लेकर निकली और तीरगाँवा सैदपुर पुल पर पहुंच गयी।
वहीं साइकिल खड़ी कर पुल से गंगा में छलांग लगा दिया। पीछे से खोजती हुयी करीब 5 मिनट बाद ही उसकी चचेरी बहन भी मौके पर पहुंची तब तक वह गंगा में समाहित हो चुकी थी। साइकिल खड़ी देख और राहगीरों द्वारा लड़की के गंगा के कूदने की बात सुन उसके चीख पुकार पर जुटी लोगों की भीड़ ने पुलिस को सूचना दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मारूफपुर चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह ने मौका मुआयना किया और खोजबीन कराने का आश्वासन परिजनों को दिया।
वहीं गंगा के जलस्तर में हुयी काफ़ी वृद्धि और अत्यधिक जल प्रवाह के कारण खोजबीन में स्थानीय गौतखोर व अन्य लोग असमर्थता व्यक्त करते दिखे। मौके पर परिजनों और राहगीरों की काफ़ी भीड़ जुटी रही।










