मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक, रामपुर के निर्देशन में यातायात प्रभारी द्वारा नगर क्षेत्रान्तर्गत एक सराहनीय पहल। पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्रा, एवं अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह के निर्देशन में जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए जाने हेतु “सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा” अभियान के अंतर्गत यातायात प्रभारी द्वारा नगर क्षेत्रान्तर्गत एक सराहनीय पहल की गई। इस अभियान के तहत सड़क पर निराश्रित पशुओं के गले में रिफ्लेक्टर पट्टियाँ लगाई गईं, जिससे रात्रि के समय वाहन चालकों को पशुओं की उपस्थिति दूर से ही स्पष्ट रूप से दिखाई दे सके।
अक्सर रात्रि एवं कोहरे के समय सड़कों पर अचानक पशु आ जाने से गंभीर सड़क दुर्घटनाएँ हो जाती हैं, जिनमें मानव जीवन के साथ-साथ पशुओं को भी नुकसान पहुंचता है। इसी को दृष्टिगत रखते हुए यातायात प्रभारी के नेतृत्व में यातायात पुलिस कर्मियों द्वारा यह अभियान चलाया गया। रिफ्लेक्टर पट्टियाँ लगाए जाने से पशु अंधेरे में भी चमकते हुए दिखाई देते हैं, जिससे वाहन चालक समय रहते सतर्क होकर दुर्घटना से बच सकते हैं।

इस अवसर पर यातायात पुलिस द्वारा आमजन को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा वाहन चालकों से अपील की गई कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें, रात्रि में सावधानीपूर्वक वाहन चलाएँ। रामपुर पुलिस की यह पहल सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं जन-जीवन की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।










