चाचा के लिए शराब लेने गए राजू को दुकान में बंद कर पीटा, ओवररेट पर बिक्री का आरोप
धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चौरहट में स्थित देशी शराब के ठेके पर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित राजू ने बताया कि वह अपने चाचा के लिए शराब खरीदने गया था। इस दौरान ठेके के कर्मचारियों ने उसे दुकान के अंदर बंद कर पीटा।
राजू का आरोप है कि यह ठेका नियमों के विपरीत 24 घंटे खुला रहता है और शराब की ओवररेट पर बिक्री की जाती है। इससे पहले भी इस ठेके का देर रात तक बिक्री करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
जलीलपुर चौकी क्षेत्र में स्थित इस ठेके पर एक साल पहले भी ओवररेटिंग को लेकर मारपीट हुई थी, जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत से यहां नियम-कानून की अवहेलना की जाती है।
इस मामले में जब जिला आबकारी अधिकारी सुभाषचंद्र से संपर्क किया गया तो उन्होंने जांच कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछली घटनाओं के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।










