त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज, प्रयागराज एवं मेदांता के मध्य सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न। सिविल लाइन्स स्थित जेवनार रेस्टोरेंट में मेदांता के वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट डॉ. मनमीत सिंह के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज, प्रयागराज एवं मेदांता के मध्य स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा परामर्श, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों तथा समाजहित में संभावित सहयोग के विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में समाज के वरिष्ठ सदस्य डॉ. बी.बी. अग्रवाल, श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज के महामंत्री अभिषेक मित्तल, मंत्री अजीत बंसल, आशीष अग्रवाल, अग्रवाल युवा मंडल के अध्यक्ष अभिनव अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, रजनीश चतुर्वेदी एवं समाज के अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई तथा भविष्य में समाजहित में संयुक्त रूप से स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की गई। इस अवसर पर अग्रवाल युवा मंडल की ओर से समाज के लिए स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने बताया कि श्री अग्रसेन अग्रवाल समाज सदैव समाजहित एवं जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रतिबद्ध रहा है। मेदांता जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान के सहयोग से समाज के सदस्यों एवं आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सार्थक पहल की जाएगी। भविष्य में स्वास्थ्य जागरूकता, निःशुल्क चिकित्सा शिविर एवं परामर्श कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।










