त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। सैम हिगिनबॉटम कृषि, प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान विश्वविद्यालय (शुआट्स), प्रयागराज ने सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में क्रॉस कंट्री रेस का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में विभिन्न हाउस के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
अपर कुलसचिव एवं एथलेटिक कमेटी के अध्यक्ष प्रो. सी. जॉन वेस्ली के अनुसार, ‘क्रॉस कंट्री रेस को सुबह 7.00 बजे प्रशासनिक ब्लॉक-1 से कॉलेज का झंडा दिखाकर रवाना किया गया, जिसमें लड़कों के लिए 6.5 किमी और लड़कियों के लिए 3.00 किमी की दूरी निर्धारित की गई थी। प्रतिभागियों ने पशुपालन विभाग से विश्वविद्यालय खेल मैदान तक दौड़ लगाई और वापस प्रशासनिक भवन में समापन बिंदु पर पहुंचे।’

पुरुष वर्ग के परिणाम में ब्लू हाउस के आकाश ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि अमोन बश्मातारी (रेड) और मणिकांतन (पिंक) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। इसी तरह महिला वर्ग में रेड हाउस की शालू सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शीतल सिंह (येलो) और शेरोन (येलो) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। विजेताओं को क्रमशः स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक से सम्मानित किया गया।
क्रॉस कंट्री रेस की प्रभारी डॉ. दीप्ति जोशी की देखरेख में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने और प्रेरित करने के लिए शारीरिक शिक्षा विभाग का स्टाफ मौजूद था। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में शारीरिक फिटनेस, टीम वर्क और खेल भावना को बढ़ावा देना था।
