बिना हेलमेट, गलत दिशा और नो पार्किंग में खड़े 246 वाहनों का चालान
धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। जनपद में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में 246 वाहनों का चालान काटा गया।

यातायात प्रभारी सत्यप्रकाश यादव के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 131 लोगों का चालान किया गया। इसके अलावा गलत दिशा में ट्रक चलाने वाले 8 चालकों और नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वाले 21 वाहन मालिकों पर भी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया। उन्हें नशे में वाहन न चलाने, निर्धारित सीमा से अधिक सवारी न बैठाने और वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करने की सलाह दी गई। साथ ही कार चालकों को सीट बेल्ट और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की हिदायत दी गई।

चालान की कार्रवाई यातायात नियमों का पालन न करने, शराब पीकर वाहन चलाने और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने जैसे नियम उल्लंघन के लिए की गई। यह अभियान क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्णमुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में चलाया गया।










