मुगलसराय पुलिस ने 14 लाख की भूमिगत केबल के साथ 3 अंतर्राज्यीय चोर दबोचे
धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने औद्योगिक नगर क्षेत्र के ताहिरपुर गांव से चोरी की 300 मीटर भूमिगत बिजली केबल बरामद की है। पुलिस ने तीन अंतर्राज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वाराणसी जोन के एडीजी पीयूष मोर्डिया और डीआईजी वैभव कृष्ण के निर्देशन में की गई।
चंदौली एसपी आदित्य लांग्हे के मार्गदर्शन में मुगलसराय थाना प्रभारी गगनराज सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की। मौके से एक सफेद स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया।
24 मई को रात 11 बजे के बाद आरोपियों ने ठेकेदार बनकर दो वाहन किराए पर लिए। एक हाइड्रा (UP65BT8105) और एक डीसीएम (UP65BT4690) थी। आरोपियों ने गणपति अपार्टमेंट के सामने ग्राम कटेसर से एक किलोमीटर लंबी केबल चोरी की।
गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के सारण जिले का नवीन कुमार शर्मा (36), मुजफ्फरपुर का राजू कुमार (44) और सारण का मोहित कुमार राम (24) शामिल हैं। पूछताछ में पता चला कि चोरी की केबल की कीमत करीब 14 लाख रुपए है। आरोपी फर्जी बिल्टी के आधार पर इसे बिहार में बेचने की योजना बना रहे थे। आरोपी पहले ही 700 मीटर केबल बिहार में बेच चुके हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।










