धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। चंदौली में टैंकर-पिकअप की टक्कर, चालक केबिन में फंसा पुलिस ने जेसीबी से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अलीनगर थाना क्षेत्र के कोरी गांव के समीप रिंग रोड पर एक टैंकर और पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में पिकअप का चालक केबिन में फंस गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से चालक को बाहर निकाला और इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
पिकअप चालक की पहचान झांसी के चित्रकूट निवासी शत्रुघ्न सिंह (35) के रूप में हुई है। वह मुजफ्फरपुर से प्लाईवुड लादकर वाराणसी जा रहा था। वहीं, टैंकर चालक अलीनगर निवासी डब्लू चौहान (34) आजमगढ़ से तेल खाली कराकर अलीनगर डिपो लौट रहा था। दोनों वाहन कोरी गांव के पास रिंग रोड के ओवरब्रिज पर पहुंचे, तभी उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप चालक केबिन में फंस गया। टैंकर चालक डब्लू चौहान और खलासी शिव कुमार (35) को भी मामूली चोटें आईं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फंसे हुए पिकअप चालक को जेसीबी मशीन की सहायता से बाहर निकाला। तीनों घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हालांकि, टैंकर चालक और खलासी को मामूली चोटें होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया। इस संबंध में एसओ अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है।










