मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। रामपुर में जन विधिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन, प्रशासन ने दी कानून जागरूकता की सीख। जनपद में जन विधिक कार्यक्रम का आयोजन पुलिस एवं प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम अजय द्विवेदी (जिलाधिकारी) एवं विद्यासागर मिश्रा (पुलिस अधीक्षक) के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को उनके विधिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं कानून संबंधी प्रावधानों की जानकारी देना रहा। इस दौरान साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति, यातायात नियमों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
जिलाधिकारी अजय द्विवेदी ने कहा कि “जन विधि कार्यक्रम का उद्देश्य जनता को कानून के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझ सकें। प्रशासन का प्रयास है कि हर नागरिक तक न्याय और शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ पहुंचे। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नागरिक सीधे प्रशासन से संपर्क करें।”
पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्रा ने कहा कि “कानून व्यवस्था बनाए रखने में जनता की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि लोग जागरूक रहेंगे और समय पर सूचना देंगे तो अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। विशेष रूप से साइबर अपराध और महिला सुरक्षा के मामलों में सतर्कता बरतना आवश्यक है।” कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।










