टक्कर के बाद दी तालिबानी सजा
मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। रामपुर में ई-रिक्शा चालक को टक्कर मारने के बाद बोनट पर लटकाकर घुमाया, आरोपी गिरफ्तार। जनपद की तहसील बिलासपुर से इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक बेखौफ जीप चालक ने पहले एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मारी और जब घायल चालक ने उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी उसे जीप के बोनट पर लटकाकर काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। इस अमानवीय घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह पूरी घटना नगर के व्यस्त केमरी तिराहे (हाईवे) पर घटित हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे पर आ रही एक तेज रफ्तार जीप ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पलट गया और उसका चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक की नाक से खून बहने लगा था। हादसे के बाद जब जीप चालक ने भागने का प्रयास किया, तो घायल ई-रिक्शा चालक अपनी हिम्मत जुटाकर उसे रोकने के लिए जीप के आगे खड़ा हो गया। रुकने के बजाय आरोपी ने जीप चला दी, जिससे पीड़ित बोनट पर फंस गया। आरोपी उसे इसी हालत में सड़क पर दौड़ाता रहा।
गनीमत ये रही कि कोतवाली पुलिस पास में थी, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और जीप को रुकवा लिया। पुलिस ने मौके से ही आरोपी जीप चालक को हिरासत में ले लिया . प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया जो कि सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं।










