मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। रामपुर में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, सिविल लाइंस ओंकार सिंहऔर शहर कोतवाली प्रदीप मालिक में नए प्रभारी नियुक्त। जनपद रामपुर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में अहम प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जारी आदेश के तहत थाना सिविल लाइंस इंस्पेक्टर का तबादला करते हुए शहर कोतवाल ओमकार सिंह को थाना सिविल लाइंस का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
वहीं स्वार कोतवाली में तैनात रहे प्रदीप कुमार को अब शहर कोतवाली की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस आदेश के बाद दोनों अधिकारियों ने अपने-अपने नए कार्यभार को संभाल लिया है। पुलिस विभाग में हुए इस बदलाव को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि जनपद में बढ़ती गतिविधियों, त्योहारों और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है। ऐसे में अनुभवी अधिकारियों को महत्वपूर्ण थानों की कमान सौंपकर व्यवस्था को और मजबूत करने की रणनीति अपनाई गई है। थाना सिविल लाइंस और शहर कोतवाली दोनों ही जनपद के संवेदनशील एवं प्रमुख थाने माने जाते हैं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं।
नवनियुक्त प्रभारी ओमकार सिंह से क्षेत्रवासियों को अपेक्षा है कि वे सिविल लाइंस क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था और जनसुनवाई को प्राथमिकता देंगे। वहीं शहर कोतवाली की कमान संभालने वाले प्रदीप कुमार के सामने शहरी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधियों पर नकेल कसना और आम जनता के बीच विश्वास कायम रखना बड़ी जिम्मेदारी होगी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकता के तहत किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस बदलाव के बाद पुलिस महकमे में हलचल देखी जा रही है, वहीं आम जनता में भी नई कार्यशैली को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। अब देखना होगा कि नए प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में किस प्रकार की रणनीति अपनाते हैं और कानून-व्यवस्था को किस हद तक और मजबूत बनाते हैं।










