अतिक्रमण से मुक्त करायी गयी जमीन की अनुमानित कीमत 8.63 करोड़ रुपये से अधिक
त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/ द्वितीय, प्रयागराज भूपेश पाण्डेय के नेतृत्व में इंजीनियरिंग विभाग, रेलवे सुरक्षा बल एवं राजकीय रेलवे पुलिस द्वारा कीडगंज एवं मुट्ठीगंज थाने की पुलिस बल के साथ मिलकर प्रयागराज-नैनी खंड में गऊघाट के निकट रेलवे पुल संख्या -30A किमी 822/4-8 पर रेलवे भूमि पर अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस अभियान में लगभग 8.63 करोड़ रुपये कीमत की 2100 वर्गमीटर से अधिक जमीन अतिक्रमण से मुक्त करायी गयी। इस अभियान में प्रयागराज मण्डल के इंजीनियरिंग विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल और राज्य पुलिस ने मिलकर कार्य किया। रेलवे प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों को भूमि खाली करने के लिए लिए पूर्व में नोटिस दिया गया था। जिन अतिक्रमणकारियों ने भूमि खाली नहीं की, उन्हें रेल प्रशासन ने राज्य पुलिस के सहयोग से जमीन से बाहर कर दिया और जमीन को मुक्त कर लिया गया।
प्रयागराज मण्डल में 160 किमी की गति से गाड़ियों के परिचालन के लिए दीवार का निर्माण किया जा रहा है । दीवार के निर्माण के क्रम में जिन स्थानों पर अतिक्रमण किया गया उन सभी जमीनों को खाली करने के विरुद्ध क्रमबद्ध अभियान चलाए जा रहा है। प्रयागराज मण्डल के रेल प्रशासन द्वारा आगामी समय में ऐसे अभियान सघनता से चलाए जाएंगे।
जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया की मिशन रफ्तार के अंतर्गत दिल्ली और हावड़ा के बीच रेल यात्रा को तेज़ करने के लिए 160 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से ट्रेन चलाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसमें ट्रैक को अपग्रेड करने, सिग्नलिंग सिस्टम में सुधार करने, और लेवल क्रॉसिंग को हटाने एवं सुरक्षा दीवार बनाने जैसे कार्य शामिल हैं।










