मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयन्ती/जन्म शताब्दी के पावन अवसर पर विकास भवन सभागार में भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान, उदात्त विचारों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को स्मरण करने हेतु समर्पित रहा।
कार्यक्रम में विधायक सदर आकाश सक्सेना, जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जीवन दर्शन, सुशासन की अवधारणा तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले उनके विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी कराया गया। कार्यक्रम के समापन उपरान्त जनपद स्तरीय विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को विधायक सदर के कर-कमलों द्वारा पुरस्कार स्वरूप धनराशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों, मूल्यों एवं राष्ट्रसेवा की भावना से प्रेरित करना रहा, ताकि उनका जीवन दर्शन हमारी सामूहिक स्मृति एवं कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग बना रहे।










