पनकी धाम रेलवे स्टेशन- आस्था, आधुनिकता और सुगम रेल यात्रा का नया प्रवेशद्वार।

पनकी धाम रेलवे स्टेशन- आस्था, आधुनिकता और सुगम रेल यात्रा का नया प्रवेशद्वार।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट

प्रयागराज। पनकी धाम रेलवे स्टेशन- आस्था, आधुनिकता और सुगम रेल यात्रा का नया प्रवेशद्वार। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक नगर कानपुर का पनकी धाम रेलवे स्टेशन अब केवल एक रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि आधुनिक रेल अवसंरचना और धार्मिक आस्था के संगम का नया प्रतीक बन चुका है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग ₹25 करोड़ की लागत से इसका व्यापक पुनर्विकास किया गया है, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम यात्रा अनुभव मिल रहा है।

वर्ष 1981 में स्थापित पनकी धाम रेलवे स्टेशन का निर्माण कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने तथा शहर के पश्चिमी एवं उपनगरीय क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया था। समय के साथ कानपुर के औद्योगिक विस्तार, नई आवासीय बस्तियों के विकास तथा प्रसिद्ध पंचमुखी श्री हनुमान मंदिर, पनकी धाम में आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या ने इस स्टेशन को शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल कर दिया।

पुनर्विकास के बाद स्टेशन का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। यहां द्वि-मंजिला आधुनिक स्टेशन भवन, विशाल प्रतीक्षालय, एक्जीक्यूटिव लाउंज, रिटायरिंग रूम, आधुनिक टिकटिंग क्षेत्र, विस्तारित एवं नए प्लेटफॉर्म शेल्टर, आधुनिक शौचालय, बेहतर पेयजल व्यवस्था तथा उन्नत यात्री सूचना प्रणाली विकसित की गई है। स्टेशन पर स्पष्ट साइनेज, डिजिटल सूचना डिस्प्ले और बेहतर प्रकाश व्यवस्था यात्रियों की सुविधा को और बढ़ाते हैं।

यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज तथा 6 मीटर चौड़ा अतिरिक्त फुट ओवर ब्रिज बनाया गया है, जिसमें रैंप और लिफ्ट जैसी दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। स्टेशन परिसर के लगभग 4,500 वर्गमीटर क्षेत्र को सुव्यवस्थित सर्कुलेटिंग एरिया के रूप में विकसित किया गया है, जहां अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग, हरित क्षेत्र और बाधारहित आवागमन की व्यवस्था की गई है।

इस स्टेशन की सबसे बड़ी विशेषता इसका धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप है। स्टेशन की वास्तुकला में पनकी धाम की आध्यात्मिक पहचान को प्रमुखता दी गई है। भवन के रंग, डिजाइन और कलात्मक तत्व स्थानीय संस्कृति तथा भगवान हनुमान की भक्ति परंपरा को दर्शाते हैं, जिससे यहां पहुंचने वाला प्रत्येक यात्री कानपुर की सांस्कृतिक विरासत का अनुभव कर सके।

पनकी धाम स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी श्री हनुमान मंदिर उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। यहां प्रत्येक मंगलवार, शनिवार और विशेष रूप से हनुमान जयंती के अवसर पर हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसके साथ ही पनकी क्षेत्र पनकी तापीय विद्युत परियोजना, औद्योगिक इकाइयों, चमड़ा, वस्त्र एवं होजरी उद्योग तथा आसपास के व्यापारिक क्षेत्रों के कारण भी महत्वपूर्ण आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित हुआ है। ऐसे में आधुनिक स्टेशन स्थानीय उद्योग, व्यापार, रोजगार और धार्मिक पर्यटन—सभी को नई गति प्रदान करेगा।

उत्तर प्रदेश में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे 156 रेलवे स्टेशनों में पनकी धाम रेलवे स्टेशन भी शामिल है। इसका पुनर्विकास भारतीय रेल की उस सोच को साकार करता है, जिसमें स्टेशन केवल यात्रा का साधन नहीं, बल्कि शहर की पहचान, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास का प्रतीक बनते हैं। नया पनकी धाम रेलवे स्टेशन आज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं, सहज पहुंच, आधुनिक अवसंरचना और एक यादगार यात्रा अनुभव प्रदान करते हुए कानपुर की प्रगति का नया प्रवेशद्वार बनकर उभर रहा है।

AT Samachar
Author: AT Samachar

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai