त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के बीच हर हाथ में लहराते तिरंगे ने मंगलवार को प्रयागराज को तिरंगामय बना दिया। अवसर था उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत आयोजित भव्य तिरंगा रैली का। डीजे पर बजते जोशीले देशभक्ति गीत और एनसीसी कैडेट्स का बैंड शहरवासियों के हृदय में देशप्रेम का ज्वार भर रहा था। यह नजारा देखने के लिए लोग सड़कों पर उमड़ पड़े, कई लोग इसे अपनी सेल्फी में कैद करने को आतुर दिखे। सहायक निदेशक सुरेंद्र कश्यप के नेतृत्व में रैली सुबह 9 बजे हनुमान मंदिर (सिविल लाइंस) से प्रारंभ हुई। उत्साह और जोश से भरे कदम नाजरेथ हॉस्पिटल, हिंदू हॉस्टल होते हुए चंद्रशेखर आजाद पार्क की ओर बढ़ते गए, जहां रैली का समापन हुआ। इस दौरान “विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा” के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा।
रैली में उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के सभी अधिकारी-कर्मचारी, जिला स्काउट एंड गाइड, ज्वाला देवी शिशु मंदिर बालिका इंटर कॉलेज, 6-यूपी बटालियन गर्ल्स विंग, रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन के विद्यार्थी और शहर के कोने-कोने से आए हजारों देशभक्त शामिल हुए। हर युवा के चेहरे पर तिरंगे का गर्व झलक रहा था, हर कदम मातृभूमि के सम्मान में उठ रहा था और हर दिल में देश के प्रति अटूट प्रेम उमड़ रहा था। तिंरगा रैली न केवल तिरंगे की शान को ऊंचा करने का माध्यम बनी, बल्कि उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र द्वारा शहरवासियों, युवाओं और विभिन्न संगठनों में देशभक्ति, एकता और सांस्कृतिक गर्व की भावना को सशक्त करने का एक सजीव उदाहरण भी बनी।
इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी एम.एम. मणि, आशीष श्रीवास्तव, अनूप बिहारी लाल श्रीवास्तव, मधुकांक मिश्रा, कृष्ण मोहन द्विवेदी, फरह दीबा (मेजर, 6-यूपी बटालियन गर्ल्स विंग), अवधेश सिंह (पीआई स्टाफ), फिरोज आलम (जिला स्काउट एंड गाइड), गीत श्रीवास्तव, दिनेश कुमार पांडेय, विक्रम बहादुर परिहार, दीपक यादव सहित शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










