प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर स्थानीय कार्यक्रम का आयोजन
प्रयागराज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनारस से 2 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का किया शुभारम्भ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बनारस से 2 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का शुभारम्भ किया गया। प्रयागराज मंडल में बनारस–हड़पसर अमृत भारत एक्सप्रेस को प्रयागराज जंक्शन, फतेहपुर एवं गोविंदपुरी स्टेशनों पर तथा अयोध्या–लोकमान्य तिलक टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस को प्रयागराज जंक्शन एवं मानिकपुर स्टेशन पर ठहराव प्रदान किया गया है।
इस अवसर पर प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महाप्रबंधक बीएसएनएल अशोक कुमार सिंह एवं मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज मंडल रजनीश अग्रवाल उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों द्वारा बनारस–हड़पसर अमृत भारत एक्सप्रेस के प्रयागराज जंक्शन पर ठहराव का हरी झंडी दिखाकर शुभारम्भ किया गया।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल द्वारा मंचासीन अतिथियों का प्लांटर भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर महाप्रबंधक बीएसएनएल अशोक कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त विजय प्रकाश पंडित सहित मंडल के अन्य अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि प्रयागराज जंक्शन पर बनारस–हड़पसर एवं अयोध्या–लोकमान्य तिलक टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस (शुभारम्भ स्पेशल) के स्वागत का यह ऐतिहासिक अवसर अत्यंत गौरवपूर्ण है। उन्होंने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से भारतीय रेल निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने बताया कि अमृत भारत एक्सप्रेस का उद्देश्य सामान्य वर्ग के यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। इन नई ट्रेनों के शुभारम्भ के साथ प्रयागराज मंडल से संचालित अमृत भारत ट्रेनों की संख्या 26 हो गई है, जबकि पूरे भारतीय रेल नेटवर्क में इनकी संख्या बढ़कर 66 हो गई है। उन्होंने आगे कहा कि ये ट्रेनें केवल शहरों को ही नहीं जोड़तीं, बल्कि आस्था, संस्कृति एवं विकास को भी एक सूत्र में पिरोती हैं। बनारस–पुणे एवं अयोध्या–मुंबई के मध्य बेहतर कनेक्टिविटी से यात्रियों को समय की बचत के साथ नए अवसर प्राप्त होंगे। प्रयागराज जंक्शन, फतेहपुर, गोविंदपुरी एवं मानिकपुर में दिए गए ठहराव से क्षेत्रीय यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा।
मंडल रेल प्रबंधक ने प्रयागराज मंडल की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह मंडल देश के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में से एक गाजियाबाद–पंडित दीनदयाल उपाध्याय खंड को सेवित करता है तथा प्रयागराज जंक्शन एक प्रमुख कनेक्टिविटी हब के रूप में विकसित हो रहा है। अंत में उन्होंने कहा कि प्रयागराज मंडल यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आधुनिक रेल सेवाएं प्रदान करने के लिए सतत प्रतिबद्ध है। यह अवसर केवल नई ट्रेनों के शुभारम्भ का ही नहीं, बल्कि विकास, विश्वास एवं बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
बनारस–हड़पसर अमृत भारत शुभारंभ स्पेशल का प्रयागराज जंक्शन पर आगमन समय 19:38 बजे तथा प्रस्थान समय 19:45 बजे रहा।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि श्री अशोक कुमार सिंह एवं मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल द्वारा पुरस्कृत किया गया।










