चंदौली मझवार स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक से दिया रेल सुरक्षा का संदेश
धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के निर्देश में शनिवार को चंदौली मझवार स्टेशन पर संरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मंडल की संरक्षा टीम और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय की नाट्य कला समिति ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। यह आयोजन तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में हुई स्कूल बस-ट्रेन दुर्घटना के बाद की गई अतिरिक्त सतर्कता का हिस्सा है।

नाटक के माध्यम से लोगों को रेल सुरक्षा के नियमों से अवगत कराया गया। बंद फाटक को पार करने, चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने और पटरियों पर मोबाइल या ईयरफोन के प्रयोग से होने वाले खतरों को दर्शाया गया। रेलवे संरचना से छेड़छाड़ और अतिक्रमण के कानूनी परिणामों की भी जानकारी दी गई।
वरीय मंडल संरक्षा अधिकारी संतोष कुमार और उनकी टीम ने कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने यात्रियों से रेल सुरक्षा नियमों का पालन करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने का आग्रह किया। रेलवे ने स्पष्ट किया कि पटरियों का अनधिकृत उपयोग और बंद फाटक को पार करना दंडनीय अपराध है। सुरक्षित रेल परिचालन के लिए जन सहयोग आवश्यक है। यात्रियों से अपील की गई कि वे न केवल स्वयं सुरक्षा नियमों का पालन करें बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।










