मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। राजकीय ओरियन्टल कॉलेज में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस, प्रधानाचार्य ने दिया संविधान पालन का संदेश। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजकीय ओरियन्टल कॉलेज में देशभक्ति और उत्साह के साथ भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कॉलेज परिसर में प्रधानाचार्य मोहम्मद जुवैद खां द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गान का गायन कर राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट की।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य मोहम्मद जुवैद खां ने अपने संबोधन में कहा कि “गणतंत्र दिवस हमें हमारे संविधान की शक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों की याद दिलाता है। संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे शिक्षा को अपना हथियार बनाकर देश के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाएं।”
कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना, देश की एकता और अखंडता पर भी प्रकाश डाला गया। कॉलेज के शिक्षकगण, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे परिसर में अनुशासन, देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने संविधान के आदर्शों को जीवन में अपनाने और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। गणतंत्र दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध हुआ।










