पैसे की लालच में आकर वृद्ध महिला की हुई थी हत्या
कौशाम्बी। संदीपनघाट पुलिस ने काजीपुर में हुई महिला की हत्या की घटना का किया सफल अनावरण, अभियुक्त गिरफ्तार। संदीपनघाट पुलिस ने एसपी राजेश कुमार के निर्देशन में काजीपुर में हुई महिला की हत्या की घटना का सफल अनावरण कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गौरतलब हो कि दिनांक 10.02.2026 को रामशरण निवासी काजीपुर थाना संदीपनघाट जनपद कौशाम्बी द्वारा थाना संदीपनघाट को सूचना दी गयी कि मेरी मां लखपतिया उम्र करीब 70 वर्ष अपने घर के बाहर बरामदे में सो रही थी, आज सुबह करीब 7.30 बजे जगाने गये तो देखा कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गला दबाकर उनकी हत्या कर दी गयी है। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना संदीपनघाट पर मु0अ0सं0 33/26 धारा 103 (1) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत किया गया था। साक्ष्य संकलन के क्रम में फील्ड यूनिट/फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण एवं स्थानीय पुलिस द्वारा पंचायतनामा/पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूर्ण करायी गयी तो गला दबाकर हत्या किये जाने की पुष्टि हुयी।राजेश कुमार पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी द्वारा स्थलीय निरीक्षण करते हुये घटना की गम्भीरता के दृष्टिगत शीघ्र, सफल अनावरण एवं अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु टीमों का गठन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये थे।
इसी क्रम में घटना के अनावरण हेतु गठित टीमों द्वारा आस-पास के लोगों से पूछताछ तथा परिस्थितिजन्य/सुसंगत साक्ष्य संकलन से प्रकाश में आये अभियुक्त ओमप्रकाश पटेल उर्फ छोटू पुत्र स्व० राम नरेश पटेल निवासी ग्राम काजीपुर थाना संदीपनघाट जनपद कौशाम्बी को मुखबिर खास की सूचना के आधार पर सैय्यद सरावां मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया। विधिक कार्यवाही के पश्चात अभियुक्त को न्यायालय भेजा गया है।
अभियुक्त द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर बताया गया कि दिनाँक 09.02.2026 को शाम करीब 4.30 बजे में सीमा की दुकान पर गुटका लेने गया था तो उस समय मैने देखा था कि महिला (मृतका) के पास कुछ पैसे है, जिसे देखकर मेरी नीयत खराब हो गयी थी। उसी रात में महिला के घर पैसे चुराने के लिये गया तो देखा कि जहां वह सोई है वहां पर और कोई नही है। महिला के पहने हुए कुर्ती की जेब से पैसे निकालने लगा तभी वह जग गयी और मेरा नाम लेकर छोटू छोटू चिल्लाने लगी, तभी मैनें पकड़े जाने के डर से अपने हाथों से उसका गला दबा दिया तथा उसके ओढ़े हुए कपड़े से उसके गले को कस दिया जिससे वह मर गयी, इसके बाद उसकी जेब से 300 रुपया निकाल कर अपने घर आ गया था। मैनें पैसे की लालच में आकर वृद्ध महिला की हत्या कर दी।










