मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। उत्तर प्रदेश में हाईस्कूल-इंटर की परीक्षा का तीसरा दिन, परीक्षा केंद्रों पर सख्ती। उत्तर प्रदेश में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। तीसरे दिन भी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी और सख्त व्यवस्थाएं देखने को मिलीं। प्रशासन की ओर से नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक अंजलि अग्रवाल से जब परीक्षा केंद्रों पर फोटो खींचने को लेकर बातचीत की गई तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार का फोटो खींचना पूर्णतः निषेध है। यह प्रतिबंध परीक्षार्थियों की गोपनीयता और परीक्षा की मर्यादा बनाए रखने के लिए लगाया गया है। उन्होंने बताया कि मीडिया द्वारा परीक्षा केंद्र की फोटो की मांग किए जाने पर विभाग की ओर से अधिकृत फोटो उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि नियमों का उल्लंघन न हो और परीक्षा की शुचिता भी बनी रहे।
तीसरे दिन परीक्षार्थी समय से केंद्रों पर पहुंचे। केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ रही, वहीं सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद नजर आई। प्रशासन का कहना है कि पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।










