त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय और प्रतिष्ठित सर गंगानाथ झा छात्रावास के पूर्व मेधावी अंतः वासीसुधीर कुमार सिंह ने आयरनमैन 70.3 गोवा पूरा कर रचा इतिहास।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय और प्रतिष्ठित सर गंगानाथ झा छात्रावास के पूर्व मेधावी अंतःवासी और भारतीय रेल यातायात सेवा (IRTS) 2010 बैच के अधिकारी सुधीर कुमार सिंह ने भारत की सबसे कठिन ट्रायथलॉन प्रतियोगिताओं में शुमार आयरनमैन 70.3 गोवा को सफलतापूर्वक पूरा कर जिले के साथ-साथ भारतीय रेलवे का नाम गौरवान्वित किया है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को 1.9 किमी समुद्र में तैराकी, 90 किमी साइकिलिंग और 21 किमी हाफ मैराथन जैसे तीन चुनौतीपूर्ण चरणों से गुजरना होता है, जिसमें खड़ी चढ़ाइयाँ, तेज गर्मी और भारी आर्द्रता जैसी कठिन परिस्थितियाँ प्रतिभागियों की शारीरिक सहनशक्ति और मानसिक दृढ़ता की कड़ी परीक्षा लेती हैं।
सुल्तानपुर में दूबेपुर ब्लॉक के पुरे केशवराय बहरौली गांव के निवासी तथा अधिवक्ता शीतला प्रसाद सिंह के पुत्र सुधीर कुमार सिंह ने यह चुनौती केवल 6 घंटे 27 मिनट में पूरी कर अपनी फिटनेस, अनुशासन और अदम्य इच्छाशक्ति का बेहतरीन प्रदर्शन किया। वर्तमान में उत्तर रेलवे मुख्यालय, दिल्ली में उप मुख्य परिचालन प्रबंधक(माल) के पद पर कार्यरत श्री सिंह इलाहाबाद विश्वविद्यालय और प्रतिष्ठित सर गंगानाथ झा छात्रावास के पूर्व मेधावी अंतःवासी रहे हैं और छात्र जीवन से ही उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन तथा अनुशासन के लिए जाने जाते रहे हैं।
गोवा में आयोजित इस विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में देश-विदेश के सैकड़ों प्रतिभागियों के बीच उनकी सफलता से पूरे सुल्तानपुर जिले में खुशी की लहर है। परिवार, स्थानीय लोगों और रेलवे साथियों ने गर्व जताते हुए कहा कि सुधीर ने कड़ी मेहनत, समर्पण और मानसिक दृढ़ता के बल पर एक ऐसा लक्ष्य हासिल किया है, जो युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी यह उपलब्धि सिद्ध करती है कि इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से कोई भी चुनौती असंभव नहीं होती।

आयरनमैन 70.3 गोवा में उनका प्रदर्शन न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उनके गांव, जिले और भारतीय रेलवे परिवार के लिए सम्मान और गर्व का क्षण भी है, जो युवा पीढ़ी को स्वास्थ्य, फिटनेस और अनुशासित जीवनशैली की ओर प्रेरित करता है।










