प्रेस कांफ्रेंस कर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने किया खुलासा
कड़ाधाम/कौशांबी। एसपी राजेश कुमार के निर्देशन में कड़ाधाम पुलिस ने ज्वैलर्स की दुकान से हुयी चोरी का 48 घण्टे में खुलासा कर दिया है। प्रेस कांफ्रेंस कर अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने खुलासे की जानकारी दी है।
गौरतलब हो कि 14 जुलाई को प्रमोद सोनी पुत्र स्व0 भोला नाथ निवासी देवीगंज शरीफाबाद थाना कड़ाधाम जनपद कौशाम्बी द्वारा थाना कड़ाधाम पर सूचना दी गयी कि मेरी देवीगंज बाजार स्थित ज्वैलरी शॉप पर तिजोरी तोड़कर अज्ञात चोरो द्वारा 10,000 रूपये नगद व सोने चांदी के सामान व आभूषण चोरी कर लिया गया है एवं मेरे बगल में स्थित रोशन अंसारी की दुकान से 15,000 नगद व 05-05 किलो काजू बादाम चोरी कर लिया गया है । प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कड़ाधाम पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था । घटना की गम्भीरता को देखते हुए टीमों का गठन कर घटना के शीघ्र एवं सफल अनावरण व अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिए गए थे।
पंजीकृत अभियोग की विवेचना के दौरान सर्विलांस की मदद से प्राप्त संदिग्ध नम्बरों का विश्लेषण, घटना स्थल के आसपास का सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल व लोकेशन एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रकाश में आये 03 अभियुक्तों 1. मो0 मुदस्सिर पुत्र मो0 मुनव्वर अली निवासी कासिमपुर कटरा थाना हथगवां जनपद फतेहपुर 2. रेयाज अहमद उर्फ भैया पुत्र स्व0 अन्सार अहमद निवासी बकरा मंडी मुठ्ठीगंज जनपद प्रयागराज 3. सुमित कुमार गौतम पुत्र स्व0 राम किशोर निवासी कस्बा उंचाहार थाना उंचाहार जनपद रायबरेली को मुखबिर की सटीक सूचना पर ख्वाजा कड़क शाह दरगाह के पास वहद ग्राम भानीपुर से गिरफ्तार किया गया।
अभियुक्तों के कब्जे से चोरी का 15,000 रू नगद व 1651 ग्राम सफेद धातु के जेवरात ( 04 अदद थाली, 05 अदद गिलास, 05 अदद कटोरी, 03 अदद पायल, कंगन व बिछिया ) बरामद किया गया एवं अभियुक्त मुदस्सिर उपरोक्त के कब्जे से 01 अदद अवैध तमंचा 315 बोर व 02 अदद जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद किया गया। विधिक कार्यवाही के पश्चात अभियुक्तों को न्यायालय भेजा गया है।अभियुक्तों से गहन पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया गया कि हम तीनों लोग साथ में सूरत में वेल्डिंग का काम करते थे तथा रियाज अहमद उर्फ भैया एवं मो0 मुदस्सिर कि रिस्तेदारी ग्राम कड़ा थाना कड़ाधाम में स्थित है लगभग 02 वर्ष से रेयाज अहमद ग्राम कड़ा में ही निवास कर रहा था तथा दो चार दिन पर तीनों कही न कहीं मिलते थे तथा अपना खर्च चलाने के लिये चोरी करते थे।
अभियुक्तगणों द्वारा पूछताछ में बताया गया है कि देवीगंज बाजार में जहां ज्वैलर्स की दुकान पर चोरी किये है उसी के सामने एक सोनकर की दुकान है जहां तीनों चाय पीने के कभी-कभी आते थे । रियाज अहमद ने योजना बनाई कि ज्वैलर्स की दुकान के पीछे पूरा मैदान खाली है व जंगल झाड़ी है तथा पीछे दिवाल में रोशनदान खुला है जो ईंट से ढका हुआ है, जहां से आसानी से सेंध लगाई जा सकती है। तीनों नें मिलकर योजना बनाकर एक दिन पहले सेंध लगाने वाला औजार दुकान के पीछे छिपा दिये थे और 13/14.07.2025 की रात्रि में मौका पाकर दुकान से सेंधमारी कर रूपयों तथा आभूषणों की चोरी कर लिये थे। जिनमें से कुछ पैसा खर्च हो गया है तथा बाकी का पैसा व सामान यही है जो आप लोगों ने बरामद कर लिया है।










