त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। होटल आर.आर. इन प्रयागराज में भारत विकास परिषद की स्वामी विवेकानंद शाखा (प्रयाग प्रांत) का शुभारम्भ हुआ। इस अवसर पर 42 नए सदस्यों एवं 3 पदाधिकारियों ने परिषद की सदस्यता ग्रहण कर समाज सेवा का संकल्प लिया।
भारत विकास परिषद समाज के संभ्रांत, प्रबुद्ध एवं संपन्न वर्ग को जोड़कर समाज के वंचित, असमर्थ और अशिक्षित वर्ग के लिए सेवा एवं सहयोग का कार्य करती है। परिषद द्वारा दिव्यांग सहायता, समग्र ग्राम विकास, स्थायी प्रकल्प, सामूहिक सरल विवाह, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य सेवा जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं।
परिषद के आयोजनों में समय-समय पर देश की बड़ी विभूतियों की उपस्थिति रही है। वर्ष 1995 में तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. शंकर दयाल शर्मा, 2004 में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, 2007 में तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह तथा 2008 में तत्कालीन राष्ट्रपति श्रीमती प्रतिभा देवी सिंह पाटिल परिषद के कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए थे। हाल ही में जुलाई माह में केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह ने परिषद के 63वें स्थापना दिवस समारोह में भाग लेकर परिषद की सराहना की थी।
आज के कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक शहर पश्चिमी प्रयागराज श्री सिद्धार्थ नाथ सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलकर तथा सहयोग, समर्पण, सेवा, संपर्क और संस्कार के मूल्यों को अपनाकर परिषद समाज में अच्छाई की रचनात्मक शक्ति का निर्माण कर रही है।
श्री सिंह ने आगे कहा कि समाज कल्याण मंत्रालय के माध्यम से कई योजनाएं मलिन बस्तियों में संचालित हो रही हैं। यदि भारत विकास परिषद का सहयोग मिल जाय तो मलिन बस्तियां भी विकास की रोशनी से चमक उठेंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे स्वयं सेतु बनकर परिषद को हर संभव सहयोग दिलाएंगे।










