ब्यूरो चीफ एस.के. सिंह की रिपोर्ट
बलिया। बलिया लोकसभा सीट से सपा सांसद सनातन पांडेय ने रेलवे के बढ़ते किराए और तेजस ट्रेन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सांसदों को तेजस ट्रेन में यात्रा करने के लिए सांसद रेल यात्रा टिकट से अनुमति नहीं है, जो कि बहुत दुखद है।
रेलवे किराया वृद्धि पर बयान
सांसद सनातन पांडेय ने कहा कि 1 जुलाई से रेलवे के किराए में वृद्धि करना उचित नहीं है। इससे आम जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा और उनकी जेब पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि रेलवे को आम जनता की सुविधा का ध्यान रखना चाहिए।
सांसद ने विधायकों की खरीद-फरोख्त पर सवाल उठाया और कहा कि आने वाले समय में अडानी या अंबानी देश के प्रधानमंत्री हो सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही पार्टियों ने पैसों के बल पर सरकार गिराई है और यह पैसा अप्रत्यक्ष रूप से अडानी और अंबानी का है।
सांसद ने कहा कि जिस दिन अडानी और अंबानी यह जान जाएंगे कि उन्ही के पैसों से यह सत्ता में काबिज है, तो वे सांसदों को खरीदने के लिए और अधिक पैसा खर्च करेंगे। इससे सरकारी नियंत्रण फेल हो जाएगा और अडानी और अंबानी खुद प्रधानमंत्री बन जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह देश के लिए बहुत बड़ा खतरा है और इससे लोकतंत्र की मूल भावना खत्म हो जाएगी।
पार्टी की भूमिका पर सवाल
सांसद ने कहा कि बीजेपी ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार को बदलने के लिए सत्ता में आई थी, लेकिन अब वह भी उसी राह पर चल रही है। उन्होंने कहा कि गोवा, एमपी और महाराष्ट्र में पैसों के बल पर सरकार गिराई गई है, जो कि बहुत ही निंदनीय है।










