ब्लॉक चायल का यह समर कैंप शिक्षा में नवाचार, समर्पण और सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया
21 मई से 10 जून तक चला समर कैंप,बना नवाचार का मंच
चायल/कौशाम्बी। खण्ड शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक चायल के नेतृत्व में 21 मई से 10 जून 2025 तक चायल के 15 कॉम्पोजिट एवं 7 उच्च प्राथमिक विद्यालयों में समर कैंप का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस शिविर का उद्देश्य बच्चों को ग्रीष्मावकाश के दौरान रचनात्मक, शैक्षणिक एवं कौशल आधारित गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आनंदपूर्ण एवं उपयोगी शिक्षण वातावरण प्रदान करना था।
शिविर के संचालन में एआरपी,प्रधानाध्यापक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशकों की समर्पित भागीदारी सराहनीय रही। सभी ने मिलकर समर कैंप को एक जीवंत अनुभव में बदला, जिसमें बच्चों की रुचियों, प्रतिभा और कल्पनाशक्ति को उभरने का अवसर मिला। शिविर की शुरुआत योग, ध्यान और स्किपिंग जैसी शारीरिक गतिविधियों से हुई, जो पूरे शिविर का आधार बनी रहीं। इसके बाद बच्चों ने लोक खेल, मिट्टी कला और संगीत गतिविधियों में भाग लेकर अपनी कलात्मक क्षमताओं को अभिव्यक्त किया। करियर गाइडेंस दिवस पर उन्होंने अपने भविष्य की योजना और संभावित करियर विकल्पों पर विचार किया।कंप्यूटर दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने पेंट, टाइपिंग और डिजिटल टूल्स का उपयोग सीखा, वहीं कार्यालयी कार्यों की जानकारी देने के लिए बैंक, थाना और पोस्ट ऑफिस से संबंधित जानकारी साझा की गई। पेपर मैशे और चित्रकला जैसी गतिविधियों ने बच्चों की रचनात्मकता को प्रकट करने का अवसर दिया। साथ ही किचन गार्डन और आरोग्य वाटिका की तैयारी कर पर्यावरण और पोषण शिक्षा से उन्हें जोड़ा गया।

हस्तकला सत्र में टाई एंड डाई, ब्लॉक पेंटिंग, कैरी बैग और एप्रन बनाना जैसे अभ्यास कराए गए, जिससे बच्चों में स्वावलंबन और कौशल का विकास हुआ। रीडिंग कैंपेन के माध्यम से पुस्तक पठन की आदत को बढ़ावा दिया गया। कल्पनाशील लेखन, भाषा वृक्ष और डायरी लेखन ने बच्चों की भाषा अभिव्यक्ति को नई दिशा दी। कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और शतरंज जैसे खेलों ने उनमें टीम भावना, अनुशासन और ऊर्जा का संचार किया।सामाजिक चेतना और पर्यावरण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए नुक्कड़ नाटक, रैली, “नो सिंगल यूज प्लास्टिक” जागरूकता, और कचरा प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियाँ कराई गईं। बच्चों ने रचनात्मक तरीके से उपयोगी वस्तुएँ भी बनाईं। साथ ही स्थानीय कलाकारों के सहयोग से लोक गीत, लोक नृत्य और समूह गान के माध्यम से सांस्कृतिक विविधता को अपनाने का अवसर मिला।
10 जून को समर कैंप का समापन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें अभिभावकों को आमंत्रित कर शिक्षकों और विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। साथ ही बच्चों की कृतियों की प्रदर्शनी लगाई गई और फीडबैक प्राप्त कर अभिलेखीकरण किया गया।
इस समर कैंप ने बच्चों की बहुपरतीय प्रतिभा को निखारते हुए उन्हें शारीरिक, बौद्धिक और भावनात्मक रूप से सशक्त बनाया। अभिभावकों ने इस आयोजन को सराहते हुए इसे बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में एक अनुकरणीय पहल बताया। शिविर के सफल संचालन में शिक्षामित्रों और अनुदेशकों की निष्ठा और रचनात्मकता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही, जिन्होंने प्रत्येक गतिविधि को बच्चों के अनुकूल और प्रभावशाली बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। खंड शिक्षा अधिकारी चायल ने कहा कि समग्र रूप से ब्लॉक चायल का यह समर कैंप शिक्षा में नवाचार, समर्पण और सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।










