श्रद्धासुमन अर्पित कर किया नमन-
त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। समाजवादी पार्टी कार्यालय में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती मनाई गई। देश के पूर्व राष्ट्रपति, महान वैज्ञानिक एवं भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती के अवसर पर आज समाजवादी पार्टी कार्यालय, जार्ज टाउन, प्रयागराज में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर एमएलसी डॉ मानसिंह यादव ने कहा कि डॉ. अब्दुल कलाम का जीवन सादगी, परिश्रम, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है। साधारण परिवार से निकलकर देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने वाले डॉ. कलाम ने अपनी प्रतिभा, लगन और समर्पण से पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ाया। मिसाइल एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में उनके योगदान के कारण उन्हें ‘मिसाइल मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से जाना जाता है।
जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि डॉ. कलाम का मानना था कि देश का वास्तविक भविष्य उसके बच्चों और युवाओं में निहित है। वे चाहते थे कि प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, वैज्ञानिक सोच और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें। उनका जीवन युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा देता है।
महानगर अध्यक्ष सैयद इफ़्तेख़ार हुसैन कहा कि डॉ. कलाम ने राष्ट्रपति पद पर रहते हुए भी अपनी सादगी, विनम्रता और जनसरोकारों को सर्वोपरि रखा। उनका जीवन हमें सिखाता है कि पद से बड़ा व्यक्ति का चरित्र, ज्ञान और समाज के प्रति उसका समर्पण होता है।
समाजवादी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. कलाम के आदर्शों को आत्मसात करने तथा शिक्षा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक समानता और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष सैयद इफ़्तेख़ार हुसैन, प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, रविन्द्र यादव, जगदीश सिंह ,महबूब उस्मानी, अजय यादव, मेजर दिनेश यादव, मो शारिक, तारिक सईद अज्जू , संतोष यादव, आर एन यादव, सचिन श्रीवास्तव, दिलीप सोनी, अरविन्द केसरवानी, सऊद अहमद, संगम लाल मौर्य, शांति प्रकाश, जीतराज हेला, एस बी पाण्डेय, त्रिभुवन यादव, आरती पाल, पंकज पटेल, मो हामिद, मकबूल हासमी आदि मौजूद रहे।









