तिरंगा यात्रा से जन-जन में हो देशभक्ति ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर नागरिक तिरंगे के साथ करेंगे सेल्फी अपलोड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ATS रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा है कि भोपाल के टी.टी. नगर क्षेत्र में 9 अगस्त को आयोजित होने वाली ‘तिरंगा यात्रा’ भव्य, गरिमामय और व्यापक जनभागीदारी वाली होनी चाहिए। यह यात्रा समाज पर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वाभिमान का उत्कृष्ट एवं अमिट प्रभाव छोड़े। आयोजन से संबंधित सभी प्रशासनिक एवं मैदानी तैयारियां समय पर और त्रुटिरहित ढंग से पूरी की जाएं। टी.टी. नगर स्टेडियम परिसर में आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप हो तथा समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।कलेक्टर ने बताया कि शासन की मंशा और निर्देशों के अनुरूप ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 9 से 17 अगस्त 2026 तक संपूर्ण प्रदेश में जन-आंदोलन के रूप में संचालित किया जाएगा। इस वर्ष अभियान का महत्व इसलिए भी विशेष है, क्योंकि राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के गौरवशाली 150 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। तिरंगा यात्रा में राष्ट्रप्रेम और ‘वंदे मातरम्’ की भावना को प्रमुखता से अभिव्यक्त किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तिरंगा यात्रा में स्थानीय स्व-सहायता समूहों, शैक्षणिक संस्थाओं, युवाओं, सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों और विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। सुव्यवस्थित समन्वय और व्यापक जनसहभागिता के माध्यम से आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाए। डिजिटल माध्यमों से भी अभियान में नागरिकों की सहभागिता बढ़ाई जाए। नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ के आधिकारिक पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जाए। पोर्टल पर अपलोड की गई तस्वीर पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की पंक्तियां स्वतः अंकित होंगी। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक आयोजन न होकर जन-जन को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश के प्रति अपने कर्तव्यों से जोड़ने वाला प्रेरक अभियान बने। यात्रा के माध्यम से भोपाल के प्रत्येक नागरिक में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और स्वाभिमान की भावना का संचार किया जाए।

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai