झाँसी वैगन मरम्मत कारखाने द्वारा ट्रेन मैनेजरों (गार्ड) के लिए संशोधित ब्रेक वैन का प्रोटोटाइप तैयार, रेलवे बोर्ड ने जारी किए राष्ट्रव्यापी निर्देश
त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। मालगाड़ी के ट्रेन मैनेजरों के लिए महत्वपूर्ण कदम। उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी वैगन मरम्मत कारखाने ने ट्रेन मैनेजरों (गार्ड) की कार्य स्थितियों में सुधार के उद्देश्य से मॉडिफाइड ब्रेक वैन (BVZI एवं BVCM) का पहला सफल प्रोटोटाइप (नमूना) विकसित किया है। अपनी बहुत पुरानी मांग के पूरा होने की दिशा मे हुई इस सकारात्मक पहल को ट्रेन मैनेजरों द्वारा व्यापक सराहना प्राप्त हुई है।
झाँसी कारखाने के इस अभिनव प्रयास को देखते हुए रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलों को आर एस पी के अंतर्गत BVZI और BVCM ब्रेक वैनों के राष्ट्रव्यापी अपग्रेडेशन (POH/ROH) का आधिकारिक निर्देश जारी किया है।
संशोधित ब्रेक वैन की मुख्य विशेषताएं एवं सुधार
1- 360-डिग्री घूमने वाली सीट: ट्रेन मैनेजरों के लिए नई डिज़ाइन की 360-डिग्री रोटेटेबल गार्ड चेयर और विशेष फुट रेस्ट।
2- सोलर पावर और विद्युत सुविधाएं: पंखे और लाइट के संचालन के लिए सोलर पैनल और संयुक्त नियंत्रण इकाई के साथ लिथियम फेरो फॉस्फेट बैटरी (12.8V/110 Ah) का समावेश।
3- केबिन का आंतरिक सुधार: केबिन के अंदर फ्लीट ग्राफिक्स फिल्म, टिकाऊ पॉलियामाइड एपॉक्सी रेज़िन फ़्लोरिंग, और बेहतर गुणवत्ता वाला कमोड।
4- अतिरिक्त सुविधाएं: वॉकी-टॉकी स्टैंड, बोतल होल्डर, कोट हुक, ग्रैब हैंडल और यूनिवर्सल की वाला डोर लॉक।

यह अपग्रेडेशन ट्रेन मैनेजरों के दैनिक कार्य अनुभव और सुरक्षा में एक बड़ा सुधार साबित होगा
महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह द्वारा इस प्रोजेक्ट की व्यक्तिगत मोनिटरिंग की गई। उन्होंने इस प्रोटोटाइप को विकसित करने वाली झाँसी कारखाने की टीम की कोशिशों की सराहना करते हुए कहा कि नए डिज़ाइन के ब्रेकेवान से हमारे ट्रेन मैनेजरों जो ट्रेन संचालन में संरक्षा सुनिश्चित करने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, उनके काम करने की कठिन स्थितियों में सुधार होगा।









