ATS रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल मध्यप्रदेश
अंग्रेजी भाषा शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार और शिक्षकों एवं प्रशिक्षुओं की विषयगत व्यावसायिक दक्षता विकसित करने के उद्देश्य से राज्य शिक्षा केन्द्र अंतर्गत आंग्ल भाषा शिक्षण संस्थान (ELTI) में अंग्रेजी शिक्षण प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का शुभारंभ हुआ। एक माह तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, भाषा शिक्षण कौशल तथा प्रभावी कक्षा संचालन के लिए व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ ईएलटीआई की संचालक डॉ. प्रवीणा कौशल ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक दुनिया के समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अंग्रेजी भाषा का प्रभावी ज्ञान आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से संवाद कौशल, व्याकरण और कक्षा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष ध्यान देते हुए प्रशिक्षण अवधि का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वरिष्ठ प्रशिक्षक अमित सक्सेना एवं प्रशिक्षक सुनीता नौटियाल उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को निरंतर अभ्यास, सकारात्मक सोच और सीखने की निरंतर प्रक्रिया अपनाकर उत्कृष्ट अंग्रेजी शिक्षक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ प्रशिक्षक डॉ. विनोद द्विवेदी ने किया। माइक्रो टीचिंग, भाषा प्रयोगशाला, संचार कौशल तथा मूल्यांकन तकनीकों पर विशेष प्रशिक्षण एक माह तक संचालित होने वाले इस प्रशिक्षण में माइक्रो टीचिंग, भाषा प्रयोगशाला, संचार कौशल तथा मूल्यांकन तकनीकों पर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों की शिक्षण दक्षता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में PGDTE पाठ्यक्रम के सभी प्रशिक्षु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण में प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का प्रभावी उपयोग कर प्रदेश के विद्यालयों में अंग्रेजी शिक्षण को अधिक रोचक, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने का संकल्प लिया।









