त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। “भरतमुनि नाट्य समारोह” का आगाज़ 27 मार्च से। रंगमंच प्रेमियों के लिए प्रयागराज में एक विशेष सांस्कृतिक उत्सव का आगाज़ होने जा रहा है। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 27 मार्च से 31 मार्च 2026 तक पांच दिवसीय भव्य “भरतमुनि नाट्य समारोह” का आयोजन किया जाएगा। यह समारोह प्रतिदिन सायं 6 बजे से केंद्र के प्रेक्षागृह में आयोजित होगा, जिसमें देशभर से आए रंगकर्मी अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को नाट्य कला की विविधता से रूबरू कराएंगे।
केंद्र निदेशक सुदेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह की शुरुआत 27 मार्च को समता सागर द्वारा लिखित एवं संजय श्रीवास्तव निर्देशित नाटक “गुड़िया की शादी” से होगी। इसके पश्चात 28 मार्च को गिरीश कर्नाड के प्रसिद्ध नाटक “हयवदन” का मंचन महेंद्र सिंह के निर्देशन में किया जाएगा। 29 मार्च को सर्वेश्वर दयाल सक्सेना के चर्चित नाटक “बकरी” का मंचन डॉ. शिशु कुमार सिंह के निर्देशन में दर्शकों के सामने प्रस्तुत होगा। वहीं 30 मार्च को अलखनंदन द्वारा लिखित नाटक “चंदा बेड़नी” का मंचन डॉ. नीरज उपाध्याय के निर्देशन में किया जाएगा।
समारोह का समापन 31 मार्च को महाकवि भवभूति रचित शास्त्रीय नाटक “महावीरचरितम” के मंचन से होगा, जिसका निर्देशन डॉ. हिमांशु द्विवेदी करेंगे।










