मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा की रिपोर्ट
रामपुर। जिला अपराध निरोधक समिति रामपुर को मिला नया सचिव एवं जेल प्रवेक्षक। उत्तर प्रदेश अपराध निरोधक समिति लखनऊ के चेयरमैन डॉ. उमेश शर्मा द्वारा अभिषेक बालियन को जिला अपराध निरोधक समिति रामपुर का सचिव एवं जेल प्रवेक्षक पद पर मनोनीत किया गया। इस अवसर पर उन्हें विधिवत नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया।
डॉ. उमेश शर्मा ने अभिषेक बालियन को बधाई देते हुए कहा कि समाज में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि नव-नियुक्त सचिव अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे तथा समाज में जागरूकता फैलाकर अपराध रोकथाम हेतु हर संभव प्रयास करेंगे, जिससे एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं अपराध मुक्त समाज की परिकल्पना को साकार किया जा सके।

इस अवसर पर रामपुर जिला जेल अधीक्षक सुनील कुमार सिंह, बरेली मंडल के सचिव श्री गोयल सहित समिति के अन्य राज्य स्तरीय पदाधिकारी एवं रामपुर इकाई के सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने अभिषेक बालियन को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में रामपुर जनपद में अपराध निरोधक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
अभिषेक बालियन ने समिति के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं सामाजिक सरोकार के साथ निर्वहन करेंगे तथा प्रशासन एवं समाज के सहयोग से अपराध मुक्त वातावरण बनाने के लिए सतत प्रयास करते रहेंगे।










