त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। महाप्रबंधक/उत्तर मध्य रेलवे ने आईआरटीएमटीसी और केंद्रीय आवधिक ओवरहालिंग वर्कशॉप, प्रयागराज का किया निरीक्षण। महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह ने भारतीय रेल ट्रैक मशीन प्रशिक्षण केंद्र, केंद्रीय आवधिक ओवरहालिंग वर्कशॉप (सीपीओएच) प्रयागराज का व्यापक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान, महाप्रबंधक ने केंद्र की प्रशिक्षण गुणवत्ता और संसाधनों की सराहना की।
ध्यातव्य है कि यह संस्थान 1984 में स्थापित किया गया था और यह पूरे भारत में एकमात्र ऐसा संस्थान है जो ट्रैक मशीन उपकरणों के संचालन और रखरखाव में विशेष प्रशिक्षण प्रदान करता है। श्री सिंह ने विभिन्न ट्रैक मशीन उपकरणों के कट-आउट मॉडल और पारदर्शी मॉडल, उन्नत सिम्युलेटर के साथ-साथ अध्ययन कक्षों (स्टडी रूम) और प्रयोगशालाओं (लैब्स) का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान में बनाए गए उच्च मानकों और टीम के समर्पण की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान, महाप्रबंधक ने निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शेष कार्य को शीघ्रता से पूरा किया जाए
उन्होंने सीपीओएच वर्कशॉप का भी दौरा किया। प्रयागराज स्थित यह वर्कशॉप भारतीय रेलवे के विभिन्न जोनों की ट्रैक मशीनों का रखरखाव करती है। उन्होंने वहाँ सभी मशीनों को देखा और वहाँ अपनाई जाने वाली रखरखाव प्रक्रियाओं की प्रशंसा की। उन्होंने स्वच्छता के महत्व पर भी ज़ोर दिया और कहा कि वर्कशॉप के फर्श और परिसर में सफाई के स्तर को और बेहतर करते हुए उत्कृष्टता का स्तर हासिल किया जाना चाहिए। यह दौरा अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के माध्यम से अपने कार्यबल की तकनीकी क्षमताओं को बढ़ाने के लिए उत्तर मध्य रेलवे की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है, जिससे सुरक्षित और अधिक कुशल रेल परिचालन सुनिश्चित होता है।

इस अवसर पर महाप्रबंधक के साथ प्रमुख मुख्य इंजीनियर /उत्तर मध्य रेलवे जे. सी. चौरसिया तथा उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय और प्रशिक्षण केंद्र के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।










