शादी के महज 10 दिन बाद ही पति के साथ बाजार में चाट खाने गई दुल्हन अपने प्रेमी संग हुई फरार।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में शादी के महज 10 दिन बाद ही पति के साथ बाजार में चाट खाने गई दुल्हन अपने प्रेमी संग फरार हो गई। दुल्हन के फरार होने की घटना से हड़कंप मच गया। पति शमशेर चौहान ने मुगलसराय कोतवाली पहुंचकर अपनी पत्नी के कहीं चले जाने की तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर दुल्हन की तलाश शुरु कर दी। पुलिस ने दुल्हन को उसके प्रेमी संग बरामद कर लिया और घंटों हुई पंचायत के बाद दुल्हन को उसके प्रेमी संग जाने की अनुमति मिल गई।

दरअसल, चार जून को अलीनगर थाना क्षेत्र के सेदपुरा गांव निवासी शमशेर चौहान की शादी मवई खुर्द गांव निवासी खुशी से हुई थी। शादी के बाद दुल्हन ससुराल आई। 14 जून को पति के साथ खुशी मुगलसराय बाजार पहुंची और पहले काली माता के मंदिर में दर्शन किया। फिर पति शमशेर चौहान से चाट खाने की जिद करने लगी। बाजार में चाट की दुकान पर पति-पत्नी चाट खा रहे थे। इस बीच शमशेर चौहान चाट के दुकान वाले को पैसे देने लगा और पीछे पलटकर देखा तो खुशी गायब थी।

पत्नी की काफी खोजबीन के बाद जब वह नहीं मिली तो शमशेर चौहान मुगलसराय कोतवाली पहुंचा और पत्नी के गुम होने के संबंध में तहरीर दी। जानकारी ये भी सामने आई कि शादी से पूर्व दुल्हन खुशी एक बार प्रेमी के साथ भाग चुकी थी, जिसे परिजन मुंबई से पकड़कर वापस लाए थे। तहरीर पर पुलिस फरार दुल्हन की तलाश में जुट गई थी।

मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने विवाहिता को उसके प्रेमी संग बरामद कर लिया और कोतवाली ले आई। पुलिस ने शमशेर चौहान और दुल्हन के परिजनों को खुशी के बरामदगी के संबंध में सूचना दी। सूचना पर पति शमशेर चौहान अपने परिजनों के साथ मुगलसराय कोतवाली पहुंचा।

कोतवाली में घंटों पंचायत चली लेकिन खुशी अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही

खुशी ने पुलिस को बताया कि वह बालिग है और उसके ही मोहल्ले के निवासी प्रेमी के साथ ही वह रहेगी। अंततः सभी सहमत हो गए और पुलिस ने दुल्हन खुशी को उसके प्रेमी संग जाने की अनुमति दे दी।

इस संबंध में सीओ पीडीडीयू नगर राजीव सिसोदिया ने बताया कि 14 जून को दुल्हन खुशी के पति शमशेर चौहान ने मुगलसराय कोतवाली में अपनी पत्नी के गुम होने के संबंध में तहरीर दी।

मुगलसराय पुलिस द्वारा खुशी और उसके प्रेमी सोनू को बरामद किया गया। खुशी ने अपने प्रेमी के साथ जाने की इच्छा जाहिर की। तीनों पक्षों की सहमति के बाद खुशी को उसके प्रेमी के साथ जाने दिया गया।

AT Samachar
Author: AT Samachar

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai