अखिलेश यादव से मिले स्थानीय लोग, कहा- बिना सहमति जमीन अधिग्रहण नहीं होगा
धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। मुगलसराय में प्रस्तावित बंदरगाह परियोजना को लेकर स्थानीय निवासियों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। ईशान मिल्की के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल ने बंदरगाह और फ्रंट विलेज परियोजना की जानकारी दी।
इस परियोजना के लिए ताहिरपुर, मिल्कीपुर, रसूलागंज और छोटा मिर्जापुर के निवासियों की पुश्तैनी जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। इस क्षेत्र में 70 प्रतिशत माझी समाज की आबादी रहती है। ये लोग पीढ़ियों से संगम के किनारे मछली पकड़कर और नाव चलाकर अपनी आजीविका चला रहे हैं।
20 मई को मुगलसराय के उपजिलाधिकारी बिना पूर्व सूचना के गांव पहुंचे। उनके साथ तीन बुलडोजर और भारी पुलिस बल था। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया। प्रतिनिधिमंडल में नफीस अहमद, विनय मौर्य, वीरेंद्र कुमार साहनी समेत कई लोग शामिल थे।
अखिलेश यादव ने कहा कि बिना स्थानीय लोगों की सहमति के जमीन अधिग्रहण नहीं किया जा सकता। उन्होंने समाजवादी पार्टी की ओर से ग्रामीणों को समर्थन का आश्वासन दिया। इस मामले को सदन में भी उठाया जाएगा। स्थानीय शिक्षक विद्याधर ने बताया कि लोग आशंका में हैं। उन्होंने कहा कि वे अहिंसक प्रतिरोध करेंगे।










