त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। रोटरी प्रयागराज प्लेटिनम ने जरूरतमंद रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को पाँच ठेले वितरित कर आत्मनिर्भरता की राह दिखाई। रोटरी क्लब ऑफ प्रयागराज प्लेटिनम ने सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए सेंट जोसेफ कॉलेज गेट, कंपनी बाग, प्रयागराज के निकट आयोजित एक विशेष सेवा परियोजना के अंतर्गत पाँच जरूरतमंद रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को निःशुल्क ठेलों का वितरण किया। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक आजीविका प्रदान करना है।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष एवं डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी रोटेरियन अजय शर्मा ने कहा कि रोटरी केवल सेवा का नाम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सकारात्मक परिवर्तन पहुँचाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि इन पाँच ठेलों के माध्यम से लाभार्थियों को रोजगार का एक स्थायी साधन उपलब्ध कराया गया है, जिससे वे अपने परिवार का बेहतर ढंग से पालन-पोषण कर सकेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की सेवा परियोजनाएँ समाज में आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन जीने की भावना को सशक्त बनाएंगी।
क्लब सचिव रोटेरियन प्रमय मित्तल ने इस सेवा परियोजना को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य पूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि रोटरी आगे भी समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए इसी प्रकार की जनहितकारी परियोजनाएँ संचालित करता रहेगा।
ठेले प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने रोटरी क्लब के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके लिए केवल एक ठेला नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर जीवन की नई शुरुआत है। इससे उनकी आजीविका सुदृढ़ होगी और वे अपने परिवार के भविष्य को बेहतर बना सकेंगे।
मीडिया प्रभारी रोटेरियन मनीष गर्ग ने कहा कि रोटरी की सेवा परियोजनाओं का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर बनाकर उनके जीवन में स्थायी एवं सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि “जब किसी जरूरतमंद को रोजगार का साधन मिलता है, तो केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरा परिवार सशक्त होता है। यही रोटरी की सेवा भावना और ‘Create Lasting Impact’ की वास्तविक सार्थकता है।”
इस अवसर पर रोटेरियन अल्पना शर्मा, जया मित्तल, नेहा जायसवाल, रुचि जायसवाल, संदीप जैन, अरिंदम घोष, सर्वेश पाल, दीपक गुप्ता, रितेश सिंह, मनीष गर्ग तथा डॉ. प्रतीक पाण्डेय सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।









