धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। नियामताबाद ब्लॉक में स्कूल चलो अभियान की रैली का आयोजन किया गया। रैली प्राथमिक विद्यालय मढ़िया से शुरू हुई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार और प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रामइच्छा सिंह ने रैली का नेतृत्व किया।
रैली से पहले प्राथमिक विद्यालय मढ़िया में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से संचारी रोगों से बचाव के बारे में जागरूकता फैलाई गई। कार्यक्रम में बीएसए चंदौली, खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार यादव और ग्राम प्रधान शंकर प्रसाद यादव मौजूद रहे।
रैली में बच्चों ने शिक्षा से जुड़े प्रेरक नारे लगाए। इनमें ‘आधी रोटी खाएंगे हम स्कूल जाएंगे’, ‘लड़का लड़की एक समान सबको शिक्षा सबको ज्ञान’ और ‘दादी अम्मा हमें पढ़ाओ स्कूल में चलकर नाम लिखाओ’ शामिल थे। रैली मढ़िया और बहादुरपुर होते हुए विद्यालय वापस पहुंची।
कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें जिला महामंत्री उपेंद्र बहादुर सिंह, जिला कोषाध्यक्ष सच्चिदानंद पांडेय, मीडिया प्रभारी शहबाज आलम खान और जिला उपाध्यक्ष धीरेंद्र विक्रम सिंह शामिल थे। इसके अलावा क्षमा गौड़, ममता सेठ, ज्योति सिंह, बेबी मौर्या समेत बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।










