त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। अभाविप प्रयागराज ने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर निकाली विशाल तिरंगा यात्रा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, प्रयागराज द्वारा वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रयागराज के विभिन्न प्रमुख स्थानों से निकली गई विशाल तिरंगा यात्रा, प्रथम तिरंगा यात्रा पार्वती चौराहे से लेकर छात्र संघ भवन चौराहे तक एवं द्वितीय तिरंगा यात्रा ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज से लेकर गोविंदपुर टैक्सी स्टैंड तक निकली गई। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ राष्ट्रगान और भारत माता की जय घोष से हुआ। कार्यक्रम में प्रांत संगठन मंत्री आकाश गौड़ जी की विशेष उपस्थिति रही।
अभाविप, काशी प्रांत, प्रांत मंत्री शिवम सिंह ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता चेतना, सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रभक्ति का अमर उद्घोष है। इसके 150 वर्ष पूर्ण होना प्रत्येक राष्ट्रभक्त के लिए गौरव और आत्मचिंतन का अवसर है। विद्यार्थी परिषद देशभर में इस ऐतिहासिक अवसर को विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मना रही है, ताकि युवा पीढ़ी राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन के बलिदानों और राष्ट्रीय मूल्यों से प्रेरणा प्राप्त कर सके। तिरंगा यात्रा युवाओं में राष्ट्र प्रथम की भावना को सुदृढ़ करने तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके दायित्वों का बोध कराने का प्रभावी माध्यम है।
अभाविप, प्रयाग महानगर, मंत्री प्रतीक मिश्रा ने कहा कि प्रयागराज में निकाली गई विशाल तिरंगा यात्रा युवाओं की राष्ट्रभक्ति, एकता और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। विद्यार्थी परिषद सदैव छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति मानते हुए युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन हेतु कार्य करती रही है। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह तिरंगा यात्रा राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देने के साथ-साथ प्रत्येक युवा को भारत की अखंडता, एकता और गौरव की रक्षा हेतु सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देती है।

कार्यक्रम के समापन पर पूर्व प्रांत मंत्री, दिल्ली आशुतोष श्रीवास्तव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए युवाओं से राष्ट्रहित, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रीय एकता के लिए सतत कार्य करने का आवाह्न किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं विद्यार्थी परिषद के प्रयाग महानगर अध्यक्ष, डॉ मनीष श्रीवास्तव, कौतुक उपाध्याय, कार्तिकेय पति त्रिपाठी, अश्वनी चौहान, राहुल तिवारी, ज्ञान प्रकाश, अमन, अभिनव, शांतनु, अंबुज, आंचल सिंह, निवेदिता मिश्रा एवं समृद्धि प्रिया पाठक सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









