धर्मेंद्र प्रजापति की रिपोर्ट
चंदौली। सहरोई गांव में कच्चा मकान गिरा, गृहस्थी का सामान दबकर नष्ट। सहरोई गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। लगातार बारिश के चलते श्यामलाल का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।
क्षेत्र के शहरोई गांव निवासी श्यामलाल के कच्चे मकान की दीवारें अचानक गिर गईं। उस समय परिवार के सदस्य किसी तरह बाहर निकल गए, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। लेकिन घर के अंदर रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, चारपाई और अन्य सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।
मकान के बगल में बंधी एक भैंस भी मलबे में दब गई। भैंस के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। इसके बाद पशु चिकित्सकों को बुलाकर उसका इलाज शुरू कराया गया।

घटना की सूचना पर गांव के रामनिवास मिश्रा,कमला,गोविन्द, चन्द्रमा ,प्रदीप मिश्रा,जगदीश चौहान,बिंदेश्वरी ड्राइवर सहित तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल मदद की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि पीड़ित श्यामलाल को आवास योजना के तहत पक्का आवास और उचित मुआवजा दिया जाए।ताकि वह अपने परिवार के साथ सुरक्षित रह सके। ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से जल्द से जल्द मौके का निरीक्षण कर आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।










