महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे ने चोपन-चुनार-प्रयागराज रेलखंड का किया निरीक्षण।

महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे ने चोपन-चुनार-प्रयागराज रेलखंड का किया निरीक्षण।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चुर्क, सोनभद्र, सक्तेशगढ़ एवं चुनार स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा

प्रयागराज। महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे ने चोपन-चुनार-प्रयागराज रेलखंड का किया निरीक्षण।  महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे नरेश पाल सिंह ने आज दिनांक: 23.09.2026 को प्रयागराज – चुनार – चोपन रेलखंड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज रजनीश अग्रवाल सहित मंडल के शाखाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

विंडो-ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलखंड में रेलपथ एवं ट्रैक की स्थिति, ओएचई, सिग्नलिंग एवं परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं, पुल-पुलियों, लेवल क्रॉसिंग तथा रेलवे परिसंपत्तियों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने रेल परिचालन में संरक्षा एवं दक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण एवं अनुरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज एवं अन्य उच्चाधिकारियों के साथ चुर्क, सोनभद्र, सक्तेशगढ़ एवं चुनार स्टेशनों पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सोनभद्र स्टेशन पर निर्माणाधीन 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (FOB) की प्रगति का जायजा लेते हुए महाप्रबंधक ने इसके निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं, सक्तेशगढ़ स्टेशन पर पुराने स्टेशन भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने भवन की आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य कर उसे उपयोग के योग्य बनाए जाने के निर्देश दिए।

चुनार स्टेशन पर निर्माणाधीन 6 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज का निरीक्षण करते हुए महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी कर शीघ्र गर्डर लॉन्चिंग का कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा एवं आवागमन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से प्रवेश एवं निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था विकसित करने के विकल्प तलाशने का सुझाव दिया। इसके साथ ही उन्होंने प्लेटफॉर्म संख्या 3 एवं 4 के मध्य फेंसिंग की ऊंचाई बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों की संरक्षा सुनिश्चित करने के साथ अनधिकृत आवागमन को नियंत्रित किया जा सके।

महाप्रबंधक ने सभी विकास कार्यों को यात्रियों की सुविधा, संरक्षा एवं भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समयबद्ध रूप से पूरा करने पर विशेष जोर दिया । निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक महोदय ने रेल परिचालन की दक्षता, यात्री सुविधाओं, आधारभूत संरचना के विकास तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप रेलवे परिसंपत्तियों को सुदृढ़ करने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

AT Samachar
Author: AT Samachar

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai