त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन का जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग एवं सामाजिक उत्थान का अनुपम उदाहरण – प्रो. हरीश प्रताप सिंह। लोक सेवक मंडल प्रयागराज द्वारा भारत रत्न राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन जी की जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि माननीय प्रोफेसर हरीश प्रताप सिंह सदस्य उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज ने कहा कि लोक सेवक मंडल के संस्थापक महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लाला लाजपत राय ने भारत के गरीबों, किसानों, अशिक्षित महिलाओं एवं वंचित वर्ग के उत्थान के उद्देश्य से लोक सेवक मंडल की स्थापना की। उन्होंने कहा कि राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन जी ने अपने त्याग, तपस्या एवं सत्कर्मों के बल पर लाला लाजपत राय के आदर्शों को आत्मसात करते हुए लोक सेवक मंडल के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अभूतपूर्व योगदान दिया। हिंदी को राजभाषा का सम्मान दिलाने के लिए उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया।
विशिष्ट अतिथि श्री राजीव शुक्ला अपर नगर आयुक्त, प्रयागराज ने कहा कि राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन का संपूर्ण जीवन राष्ट्र के विकास, सामाजिक समरसता एवं समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि टंडन जी केवल एक राजनेता ही नहीं, बल्कि प्रख्यात पत्रकार, लेखक, विचारक एवं कुशल प्रशासक भी थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रह्म प्रकाश तिवारी सचिव, लोक सेवक मंडल प्रयागराज ने की। स्वागत भाषण शिव सेवक सिंह, वरिष्ठ सदस्य लोक सेवक मंडल स्थानीय सलाहकार समिति, प्रयागराज एवं वरिष्ठ पार्षद, नगर निगम प्रयागराज ने दिया। उपरोक्त जानकारी रविशंकर मिश्र मिडिया प्रभारी लोकसेवक मंडल ने दिया ओम प्रकाश शुक्ला, निदेशक, गांधी एकेडमिक संस्थान ने कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया। आनंद घिल्डियाल, वरिष्ठ पार्षद ने आभार व्यक्त किया तथा श्री अरविंद चोपड़ा, प्रभारी, लोक सेवक मंडल प्रयागराज ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में समाजसेविका अनुराधा एवं शिवांगी साहनी के निर्देशन में स्लम बस्तियों के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत राष्ट्रीय गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुति से प्रभावित होकर मुख्य अतिथि ने बच्चों को मेडल एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी शिक्षक श्रीनारायण यादव,समाजसेविका मधु, लवलेश सिंह, घनश्याम मास्टर, कर्मचारी नेता फूलचंद यादव, राकेश बनोधा, सगीर अहमद, दूधनाथ, शिखा गुप्ता, मनोज केशरवानी, संजय पाण्डेय, नीलू जायसवाल, बेदप्रकाश, डॉ यशवंत पाल, सुभाष चंद्र सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे और राजर्षि पुरुषोत्तम दास टंडन जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।









