त्रिभुवन नाथ शर्मा की रिपोर्ट
प्रयागराज। 25 सितंबर की लखनऊ महारैली को लेकर प्रयागराज में जनजागरण, PWD कर्मचारियों ने भरी हुंकार। पुरानी पेंशन बहाली सहित विभिन्न मांगों को लेकर अटेवा पेंशन बचाओ मंच द्वारा 25 सितंबर को लखनऊ के ईको गार्डन में प्रदेश स्तरीय महारैली आयोजित की जा रही है। रैली को लेकर प्रदेश के विभिन्न विभागों के शिक्षक, कर्मचारी एवं अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं।
इसी क्रम में अटेवा प्रयागराज के जिलाध्यक्ष जीतेन्द्र कुमार ‘जीतू’ के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग में जनजागरण रैली निकाली गई। रैली में PWD नियमित वर्कचार्ज कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष फूलचंद यादव एवं जनपद मंत्री तथा रैली सह-प्रभारी राम अचल पाल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।
इस दौरान कर्मचारियों को 25 सितंबर की लखनऊ रैली के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली, निजीकरण की समाप्ति तथा NPS और UPS के स्थान पर पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर जागरूक किया गया। अटेवा की ओर से रैली में पुरानी पेंशन बहाली, निजीकरण समाप्त करने और टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांगें भी प्रमुख रूप से उठाई जा रही हैं।
कर्मचारी संघ के मंडल अध्यक्ष रविशंकर मिश्र एवं क्षेत्रीय मंत्री धर्मराज यादव ने कहा कि पुरानी पेंशन की मांग को लेकर कर्मचारियों को एकजुट होकर संघर्ष में भागीदारी करनी होगी। उन्होंने कहा कि “अगर पुरानी पेंशन पाना है तो अटेवा के हर संघर्ष में आगे आना होगा।”
अटेवा प्रयागराज के जिलाध्यक्ष जीतेन्द्र कुमार ‘जीतू’ ने सभी विभागों के कर्मचारी संगठनों से अपील की कि 25 सितंबर को लखनऊ की धरती पर प्रयागराज से बड़ी संख्या में कर्मचारी, शिक्षक एवं अधिकारी पहुंचें और रैली में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में रैली को लेकर जनसंपर्क और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं तथा कर्मचारियों से लखनऊ पहुंचने का आह्वान किया जा रहा है।
जनजागरण रैली में प्रेमशंकर पटेल, संजीत कुमार, मुकेश कुमार, विजय भारत,गजाधर पटेल, संदीप कुशवाहा, लाल जी पाल, अशोक कुमार, विजय सिंह, राजेंद्र मेठ, छोटेलाल, मुकेश कुमार, अनिल कुमार,सहित सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।










