जालौन पुलिस ने हरियाणा के विजेंद्र सिंह मोर अपहरण हत्याकांड का किया खुलासा।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रेम प्रसंग और 5 करोड़ की जमीन के विवाद में हरियाणा निवासी की हत्या

जालौन। जालौन पुलिस ने हरियाणा के विजेंद्र सिंह मोर अपहरण हत्याकांड का किया खुलासा। जालौन पुलिस ने हरियाणा के जींद निवासी विजेन्द्र सिंह मोर के अपहरण एवं हत्या कांड का सनसनीखेज खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मोहित मलिक और उसकी पत्नी सपना रानी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन के विवाद को मुख्य वजह माना जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस लाइन जालौन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 4 मई 2026 को विजेन्द्र सिंह मोर का उरई कोतवाली क्षेत्र के रिनिया गांव स्थित ट्यूबवेल से अपहरण किया गया था। इसके बाद आरोपी उसे हमीरपुर जनपद के कुपरा गांव के जंगल में ले गए, जहां उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। पहचान मिटाने के उद्देश्य से शव पर लगभग 40 लीटर डीजल डालकर आग लगा दी गई।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहित मलिक की निशानदेही पर जंगल से अधजली हड्डियां एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं। जांच में सामने आया कि मृतक के आरोपी सपना रानी से पहले अवैध संबंध थे। साथ ही करोड़ों रुपये की जमीन के लेन-देन को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।

इस चर्चित मामले में झांसी रेंज के आईजी द्वारा दोनों मुख्य आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

गौरतलब है कि इसी अपहरण कांड के खुलासे के लिए आरोपियों की तलाश में गई पुलिस टीम का भी भीषण सड़क हादसा हुआ था। इस दुर्घटना में मुकदमा वादी सहित दो दरोगा और दो सिपाहियों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई थी।

इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पुलिस लाइन जालौन में प्रेस वार्ता के दौरान किया।

AT Samachar
Author: AT Samachar

Leave a Comment

और पढ़ें

Buzz4 Ai